दुर्ग में पुलिस की चेकिंग के दौरान पिकअप से मिले 4 करोड़ रुपये, गाड़ी में बना था गुप्त चेंबर

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो मैक्स पिकअप से 4 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। यह रकम गाड़ी के पिछले हिस्से में मॉडिफाई कर बनाए गए एक गुप्त चेंबर में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने वाहन में सवार दो लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद रकम के स्रोत और इसे ले जाने के उद्देश्य की जांच की जा रही है।
रायपुर से नागपुर जा रही थी पिकअप
जानकारी के मुताबिक, बोलेरो मैक्स पिकअप रायपुर से नागपुर की ओर जा रही थी। 25 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा के पास पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान इसे रोका। गाड़ी में चालक भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे सवार थे।
गुप्त चेंबर में छिपाकर रखे थे करोड़ों रुपये
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पिछले हिस्से में मॉडिफाई कर बनाया गया एक विशेष चेंबर मिला। इसे खोलने पर अंदर भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा छिपाकर रखी हुई मिली। पुलिस ने रकम की गिनती की तो कुल 4 करोड़ रुपये बरामद हुए।
रकम के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस दोनों व्यक्तियों से बरामद रकम के स्वामित्व, उसके स्रोत और परिवहन के उद्देश्य को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले की वित्तीय जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि रकम किसकी है और इसे रायपुर से नागपुर क्यों ले जाया जा रहा था।



