
दिल्ली। सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार (Stock market) में हल्की कमजोरी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार करते रहे। सेंसेक्स 77 हजार के स्तर के ऊपर बना रहा, जबकि निफ्टी 24,100 के करीब कारोबार करता दिखा।
बाजार में सबसे ज्यादा दबाव आईटी और मेटल सेक्टर के शेयरों पर रहा। इन सेक्टरों में बिकवाली के चलते प्रमुख सूचकांकों की बढ़त सीमित रही। खासतौर पर वेदांता का शेयर निवेशकों के फोकस में रहा, जिसमें करीब 6% की गिरावट दर्ज की गई। कंपनी के प्रमोटर समूह द्वारा ब्लॉक डील के जरिए लगभग 2,149 करोड़ रुपए की हिस्सेदारी बेचने की खबर के बाद शेयर में दबाव देखा गया।
प्राइमरी मार्केट (Stock market) में भी हलचल रही। भारत में ‘कॉर्डेलिया क्रूज’ ब्रांड के तहत समुद्री क्रूज सेवाएं संचालित करने वाली वाटरवेज लेजर टूरिज्म लिमिटेड का आईपीओ आज निवेशकों के लिए खुल गया। कंपनी इस सार्वजनिक निर्गम के जरिए 585 करोड़ रुपए जुटाने की योजना बना रही है। आईपीओ का प्राइस बैंड 769 से 808 रुपए प्रति शेयर तय किया गया है और यह 25 जून तक खुला रहेगा।
वैश्विक बाजारों (Stock market) की बात करें तो एशियाई बाजारों में कमजोरी का माहौल रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई और हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे। दूसरी ओर अमेरिकी बाजारों में सोमवार को मिला-जुला रुख देखने को मिला। डाउ जोन्स बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि नैस्डैक और एसएंडपी 500 में गिरावट दर्ज की गई।
विदेशी निवेशकों (FII) की गतिविधियां भी बाजार के लिए महत्वपूर्ण बनी हुई हैं। पिछले सात कारोबारी दिनों में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में करीब 3,300 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की है। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने भी लगातार खरीदारी जारी रखी है।
इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 291 अंकों की बढ़त के साथ 77,094 पर बंद हुआ था। निवेशकों की नजर अब वैश्विक संकेतों, विदेशी निवेश प्रवाह और कॉर्पोरेट घटनाक्रमों पर बनी हुई है।

