ChhattisgarhRaipur

बंगाल की खाड़ी में बना मजबूत सिस्टम, छत्तीसगढ़ के 34 जिलों में बारिश का डबल अलर्ट

अगले 4 दिन बरसेंगे बादल

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत मौसमीय सिस्टम के कारण छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 34 जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से बढ़ी मानसून की ताकत

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना अवदाब अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर गहरे अवदाब में बदल सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। यह बारिश धान की खेती के लिए भी काफी लाभदायक मानी जा रही है।

 34 जिलों में यलो-ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने रविवार से ही प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू होने की जानकारी दी है। विभाग का कहना है कि कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

रविवार को कई जिलों में झमाझम बारिश

रविवार को प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। महासमुंद जिले के बसना में सबसे अधिक 15 सेंटीमीटर और सरायपाली में 12 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा सोनाखान में 7 सेंटीमीटर, जबकि जनकपुर-भरतपुर और पिथौरा में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा हुई। कई अन्य जिलों में भी 1 से 3 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।

 अगले 4 दिन प्रदेशभर में बारिश का दौर रहेगा जारी

राजधानी रायपुर में भी अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

बारिश से गिरा तापमान, किसानों को राहत की उम्मीद

लगातार बारिश और बादलों के कारण प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान पेंड्रा रोड में 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

हालांकि, मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक छत्तीसगढ़ में मौसमी बारिश सामान्य से करीब 20 प्रतिशत कम हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले चार दिनों तक होने वाली अच्छी बारिश से इस कमी की काफी हद तक भरपाई हो सकती है और किसानों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

 

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button