बर्थडे पार्टी का विवाद बना जानलेवा, ट्रांसपोर्टर की हत्या का आरोपी हरियाणा भागने से पहले गिरफ्तार

कोरबा जिले में बर्थडे पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद ट्रांसपोर्टर की वाहन से कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया था और हरियाणा भागने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़कर हत्या में इस्तेमाल वाहन भी जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार घटना उरगा थाना क्षेत्र स्थित एक रिसॉर्ट में हुई, जहां 3 जुलाई की देर रात ट्रांसपोर्ट कारोबारी विकास कुमार हुडा के जन्मदिन के अवसर पर पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में 20 से 25 लोग शामिल हुए थे, जिनमें अधिकांश कोयला परिवहन व्यवसाय से जुड़े थे। देर रात शराब के नशे में मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और विवाद मारपीट तक पहुंच गया।
इसी दौरान आरोपी तुषार ढांढा ने गुस्से में बोलेरो कैंपर वाहन से ट्रांसपोर्टर उज्जवल सिंह पर वाहन चढ़ा दिया। गंभीर चोट लगने से उज्जवल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पार्टी में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की और रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल बोलेरो कैंपर वाहन भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

