सुशासन तिहार 2026: बीजापुर के कोंडपल्ली पहुंचे सीएम साय, इमली के पेड़ के नीचे लगाई जनचौपाल; ग्रामीणों से सुनी समस्याएं

बीजापुर: छत्तीसगढ़ में चल रहे सुशासन तिहार 2026 के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को बीजापुर जिले के कोंडपल्ली गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर गांव में उतरा, जहां उन्होंने इमली के पेड़ के नीचे जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा की।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को बताया कि एक समय क्षेत्र में नक्सलियों का भय था, लेकिन अब गांवों तक सड़क, बिजली, स्कूल, आंगनबाड़ी और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंच रही हैं, जिससे लोगों में सकारात्मक माहौल बना है।
जहां लगती थी नक्सलियों की जनअदालत, वहां हुई जनचौपाल
मुख्यमंत्री साय ने उसी कोंडपल्ली गांव में जनचौपाल लगाई, जहां कभी नक्सलियों की जनअदालतें लगती थीं। नक्सल प्रभाव कम होने के बाद अब क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। सरकार सड़क, स्वास्थ्य सुविधा और शिक्षा के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।

विकास से वर्षों तक वंचित रहे आदिवासी: सीएम
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नक्सल गतिविधियों के कारण क्षेत्र के आदिवासी लंबे समय तक विकास से वंचित रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की इच्छाशक्ति के चलते नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हुई है, जिससे विकास का रास्ता साफ हुआ है।

योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों और आदिवासी परिवारों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम करती रहेगी।

