SIR पर मंत्री टंक राम वर्मा का कांग्रेस पर हमला, बोले- पुराने जुगाड़ और वोट बैंक की राजनीति का दौर खत्म

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासत तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी की पुरानी राजनीतिक रणनीतियों, फर्जी पर्चियों और वोट बैंक की राजनीति का दौर अब खत्म हो चुका है। उन्होंने विपक्ष पर देश में होने वाले हर अच्छे काम का विरोध करने का भी आरोप लगाया।
मंत्री वर्मा ने कहा कि इतिहास गवाह है कि कांग्रेस की सरकारों के कार्यकाल में भी SIR जैसी प्रक्रिया कई बार अपनाई गई। उन्होंने सवाल उठाया कि उस समय कांग्रेस को लोकतंत्र खतरे में नजर नहीं आता था, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में मतदाता सूची को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से दुरुस्त करने की प्रक्रिया पर विपक्ष सवाल उठा रहा है।
‘चुनावी शुचिता पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस का इतिहास भी देखें’
टंक राम वर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दशकों तक चुनावों में धांधली की और सत्ता के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद आज वही पार्टी चुनावी शुचिता पर सवाल उठा रही है।
मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में होने वाले हर अच्छे काम का विरोध करना उसकी आदत बन गई है। उनके मुताबिक, मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस का विरोध इसी राजनीति का हिस्सा है।
‘विकास और काम के दम पर चुनाव लड़कर दिखाए कांग्रेस’
मंत्री वर्मा ने कहा कि यह नया भारत है, जहां पुराने राजनीतिक हथकंडे और वोट बैंक की राजनीति नहीं चलेंगे। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि यदि पार्टी में दम है, तो उसे विकास और अपने काम के आधार पर चुनावी मैदान में मुकाबला करना चाहिए।
SIR को लेकर सत्तारूढ़ दल और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। जहां सरकार समर्थक इसे मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया बता रहे हैं, वहीं विपक्ष इस प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहा है।



