‘धमाल 4’ ने पहले दिन बॉक्सऑफिस पर दिखाई ताकत
डबल डिजिट ओपनिंग के साथ पहले दिन कमाए 13.75 करोड़

मुंबई। अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्सऑफिस(Box Office) पर दमदार शुरुआत की है। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे दर्शकों ने पहले ही दिन इसे अच्छा रिस्पॉन्स दिया है। फैमिली एंटरटेनमेंट पर आधारित इस फिल्म को सोशल मीडिया पर भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। कई दर्शकों ने फिल्म की कॉमिक टाइमिंग, कलाकारों की परफॉर्मेंस और मनोरंजक कहानी की सराहना की है।
पहले दिन 24% रही थिएटर ऑक्यूपेंसी
पहले दिन की शुरुआती कमाई के आंकड़े भी फिल्म के पक्ष में नजर आ रहे हैं। बॉक्सऑफिस(Box Office) ट्रैकर सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, ‘धमाल 4’ ने भारत में पहले दिन करीब 13.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। वहीं घरेलू ग्रॉस कलेक्शन लगभग 16.50 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। फिल्म को देशभर में 10,669 शो मिले, जिससे इसे अच्छी ओपनिंग हासिल करने में मदद मिली। हालांकि, ये शुरुआती आंकड़े हैं और फिल्म के निर्माताओं की ओर से आधिकारिक कलेक्शन जारी किया जाना अभी बाकी है। अंतिम आंकड़ों में मामूली बदलाव संभव है।
ओपनिंग डे कलेक्शन में ‘अल्फा’ को छोड़ा पीछे
ओपनिंग डे कलेक्शन के मामले में ‘धमाल 4’ ने हाल ही में रिलीज हुई आलिया भट्ट और शरवरी वाघ अभिनीत फिल्म ‘अल्फा’ को पीछे छोड़ दिया है। ‘अल्फा’ ने पहले दिन बॉक्सऑफिस(Box Office) में करीब 9.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि ‘धमाल 4’ ने इससे कहीं बेहतर शुरुआत दर्ज कराई। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि दर्शक इस बार भी कॉमेडी फ्रेंचाइजी को पसंद कर रहे हैं।
हालांकि, फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्म ‘टोटल धमाल’ का ओपनिंग रिकॉर्ड इस बार नहीं टूट पाया। वर्ष 2019 में रिलीज हुई ‘टोटल धमाल’ ने पहले दिन 16.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी और बाद में दुनियाभर में 228.70 करोड़ रुपये का कारोबार करते हुए बड़ी सफलता हासिल की थी। इसके बावजूद ‘धमाल 4’ ने इस सीरीज की पहली दो फिल्मों के मुकाबले कहीं बेहतर ओपनिंग दर्ज की है।
फ्रेंचाइजी की पहली दो फिल्मों से कहीं बेहतर रही शुरुआत
अगर पूरी फ्रेंचाइजी पर नजर डालें तो साल 2007 में रिलीज हुई पहली फिल्म ‘धमाल’ ने पहले दिन करीब 2.38 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इसके बाद 2011 में आई ‘डबल धमाल’ ने ओपनिंग डे पर 7.60 करोड़ रुपये की कमाई की थी। ऐसे में चौथी फिल्म का डबल डिजिट में शुरुआत करना इस सीरीज के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के पहले दिन सिनेमाघरों में फिल्म की औसत ऑक्यूपेंसी करीब 24 प्रतिशत दर्ज की गई। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि शनिवार और रविवार की छुट्टियों का फायदा फिल्म को मिल सकता है और वीकेंड पर इसके कलेक्शन में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
अजय देवगन समेत पूरी स्टार कास्ट की हो रही तारीफ
फिल्म का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है। फिल्म में अजय देवगन के अलावा रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, रवि किशन, उपेंद्र लिमये, ईशा गुप्ता, संजीदा शेख और अंजलि आनंद प्रमुख भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। सभी कलाकारों की कॉमिक केमिस्ट्री दर्शकों को पसंद आ रही है।
एंड-क्रेडिट में ‘धमाल 5’ का हुआ बड़ा ऐलान
फिल्म के अंत में मेकर्स ने दर्शकों के लिए एक और बड़ा सरप्राइज भी रखा है। एंड-क्रेडिट सीन में ‘धमाल 5’ की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। इससे साफ हो गया है कि इस लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी का अगला भाग भी निर्माणाधीन है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि ‘धमाल 4’ आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कितनी लंबी पारी खेलती है और क्या यह अपनी पिछली फिल्मों के रिकॉर्ड को चुनौती दे पाएगी।

