National

कैलास मानसरोवर यात्रा-2026 का पहला जत्था टनकपुर पहुंचा, आज सीएम धामी दिखाएंगे हरी झंडी

टनकपुर। कैलास मानसरोवर यात्रा-2026 (Kailash Mansarovar) का पहला जत्था शनिवार को टनकपुर ट्रांजिट रेस्ट कैंप (टीआरसी) पहुंच गया। 51 श्रद्धालुओं का यह पहला दल रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में टनकपुर से लिपुलेख-गुंजी मार्ग के लिए रवाना होगा। जिला प्रशासन ने यात्रियों के स्वागत, आवास, भोजन, स्वास्थ्य जांच और सुरक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

पहले जत्थे में देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु शामिल हैं। इनमें राजस्थान से सबसे अधिक 13, महाराष्ट्र से नौ, उत्तर प्रदेश से पांच, तमिलनाडु से तीन, कर्नाटक से दो, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और उत्तराखंड से एक-एक यात्री शामिल हैं। दल में 68 वर्षीय राजस्थान निवासी अनिल कुमार जैन, पुरुषोत्तम खंडेलवाल और गोपाल सबसे वरिष्ठ यात्री हैं, जबकि गुजरात के 21 वर्षीय हरिकृष्ण सबसे कम उम्र के श्रद्धालु हैं।

टनकपुर टीआरसी के प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि इस वर्ष 18 दिनों के दौरान कुल 10 जत्थे कैलास मानसरोवर यात्रा (Kailash Mansarovar)  पर रवाना होंगे। दूसरा जत्था 8 जुलाई, तीसरा 12 जुलाई, चौथा 16 जुलाई, पांचवां 20 जुलाई, छठा 24 जुलाई, सातवां 28 जुलाई, आठवां 1 अगस्त, नौवां 5 अगस्त और दसवां जत्था 9 अगस्त को टनकपुर पहुंचेगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, आपदा प्रबंधन और परिवहन विभाग को भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2025 में पहली बार टनकपुर से कैलास मानसरोवर यात्रा (Kailash Mansarovar) की शुरुआत कराई थी। पिछले वर्ष पांच जत्थों में 250 यात्रियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें 237 श्रद्धालुओं ने सफलतापूर्वक बाबा कैलास और मानसरोवर के दर्शन किए थे। इस बार भी यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button