Follow Us on Our Social Media
National

राम मंदिर CEO की दौड़ में 5200 आवेदन, 8 उम्मीदवारों का इंटरव्यू; आस्था से लेकर प्रशासनिक क्षमता तक पूछे गए सवाल

राम मंदिर के CEO पद के लिए चयन प्रक्रिया तेज हो गई है। इस पद के लिए करीब 5200 लोगों ने आवेदन किया था, जिनमें से 18 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया। मंगलवार को इनमें से 8 उम्मीदवारों का आमने-सामने इंटरव्यू लिया गया। उम्मीदवारों में तीन पूर्व IAS अधिकारी, एक पूर्व IPS अधिकारी और चार पूर्व सैन्य अधिकारी शामिल रहे।

इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों से धार्मिक मान्यताओं, खान-पान और भगवान राम में आस्था से जुड़े सवाल पूछे गए। इसके अलावा प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता, बड़ी भीड़ को संभालने की क्षमता और राम मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर उनकी कार्ययोजना के बारे में भी जानकारी ली गई।

आस्था और व्यक्तिगत जीवन से जुड़े सवाल

जानकारी के मुताबिक, इंटरव्यू प्रक्रिया से पहले उम्मीदवारों से 34 बिंदुओं वाला गूगल फॉर्म भी भरवाया गया था। इसमें उनसे पूछा गया कि क्या वे शिखा या जनेऊ धारण करते हैं, शाकाहारी हैं या मांसाहारी, शराब का सेवन करते हैं या नहीं और भगवान राम में उनकी आस्था कितनी है।

उम्मीदवारों से यह भी पूछा गया कि क्या वे हिंदू परंपराओं के अनुरूप वस्त्र पहनने में सहज होंगे। हालांकि चयन प्रक्रिया केवल धार्मिक पहलुओं तक सीमित नहीं रही। उम्मीदवारों के व्यक्तिगत और पेशेवर अनुभव, परिवार, प्रशासनिक जिम्मेदारियों और राम मंदिर के प्रति उनके विजन पर भी सवाल किए गए।

मंगलवार को हुए इंटरव्यू के दो सत्र रहे। पहला सत्र सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चला। प्रत्येक उम्मीदवार से करीब 25 से 30 मिनट तक बातचीत की गई।

2 सितंबर से पहले सामने आएंगे तीन नाम

CEO पद के लिए बनी चयन समिति में पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज जस्टिस प्रमोद कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और पूर्व वैज्ञानिक सुरेश हवारे शामिल हैं। समिति को तीन उम्मीदवारों के नाम शॉर्टलिस्ट कर ट्रस्ट को 2 सितंबर से पहले सौंपने की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके बाद ट्रस्ट की कार्यकारी समिति की बैठक में इन नामों पर विचार किया जाएगा और अंतिम उम्मीदवार का चयन किया जाएगा। CEO की नियुक्ति का फैसला मंदिर ट्रस्ट से जुड़े वित्तीय प्रबंधन और दान राशि के कथित गबन के आरोपों के बाद लिया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, इस पद के लिए उम्मीदवार की उम्र 50 से 70 वर्ष के बीच होने की शर्त रखी गई है। साथ ही उम्मीदवार के हिंदू परंपराओं का पालन करने वाला, पूरी तरह शाकाहारी और शराब से दूर रहने वाला होने की शर्त भी बताई गई है। फिलहाल चयन प्रक्रिया जारी है और अंतिम फैसला आगामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद लिया जाएगा।

Follow Us on Our Social Media

Mahi Rajput

Content Writer (News) – 2.5 Years of Experience- Experienced in writing and editing news articles for digital news portals. - Skilled in writing breaking news, feature stories, and informative web content. - Strong fact-checking, research, and editing skills. - Able to meet daily publishing deadlines and produce high-quality content consistently.Social Media Management – 6 Months of Experience- Managed social media accounts and scheduled content. - Created engaging captions and post copies. - Planned and maintained content calendars. - Monitored audience engagement and responded to queries. - Coordinated with the content team to ensure consistent brand communication.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button