Chhattisgarh

धमतरी में आत्महत्या के दो और मामले, तीन दिनों में पांच लोगों की मौत से बढ़ी चिंता

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आत्महत्या के मामलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तीन दिन पहले एक ही दिन तीन युवकों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना के बाद अब जिले में दो और लोगों ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जान दे दी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

पहला मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खर्तूली का है, जहां दानीराम साहू ने अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दानीराम कृषि कार्य से जुड़े हुए थे।

दूसरी घटना कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम सिंधौरी खुर्द की है। यहां रहने वाले पूनेंद्र यादव ने भी अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।

गौरतलब है कि 30 जून को धमतरी जिले में एक ही दिन तीन अलग-अलग स्थानों पर तीन युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इनमें कोतवाली थाना क्षेत्र के मकेश्वर वार्ड में संजू साहू, अर्जुनी थाना क्षेत्र के अछोटा गांव में गोपाल यादव तथा संबलपुर ओवरब्रिज के पास एक अज्ञात युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button