चमोली टनल हादसे में छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की मौत, 2 लापता; 2 घायलों का इलाज जारी

उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे में छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद दो मजदूर अभी भी लापता हैं, जबकि दो घायल मजदूरों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। गुरुवार शाम लैंडस्लाइड के बाद टनल में अचानक पानी और मलबा भर गया था, जिससे अंदर काम कर रहे मजदूर फंस गए।
हादसे में कोंडागांव के धनसूली निवासी लखेश्वर पोयाम (24) और मड़ानार निवासी भुनेश्वर (25) की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं दहिकोंगा निवासी देवनाथ (22) और धनसूली निवासी चेतन पोयाम अब भी लापता हैं। दोनों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
दहिकोंगा निवासी सुनील (20) और सबलपुर निवासी पेनसिंह (33) घायल हुए हैं। दोनों का चमोली जिले के गोपेश्वर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
टनल में अचानक भर गया पानी और मलबा
यह हादसा विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुआ। गुरुवार शाम टनल के भीतर अचानक पानी रिसने लगा और भारी मलबा तेजी से अंदर आ गया। उस समय कई मजदूर सुरंग के भीतर काम कर रहे थे। पानी और मलबे की चपेट में आने से मजदूर अंदर फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने टनल से मजदूरों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। कई मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि कुछ लोगों की मौत हुई और कुछ अब भी लापता हैं।
परिजनों में मातम, लापता मजदूरों की तलाश जारी
हादसे की खबर कोंडागांव पहुंचने के बाद धनसूली, मड़ानार, दहिकोंगा और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। मजदूर रोजी-रोटी के लिए उत्तराखंड गए थे। दो मजदूरों की मौत की खबर से उनके परिवारों में मातम है, जबकि लापता मजदूरों के परिजन उनके सुरक्षित लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटनास्थल पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को टनल में फंसे मजदूरों को जल्द बाहर निकालने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ और झारखंड के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बातचीत कर हादसे में प्रभावित मजदूरों की स्थिति की जानकारी साझा की।
उत्तराखंड सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। फिलहाल रेस्क्यू टीम टनल से मलबा हटाने और पानी निकालने में जुटी है। लापता मजदूरों की तलाश लगातार जारी है।



