‘उड़ता तीर’ की रिलीज डेट फिर टली, अब 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी आयुष्मान-सारा की फिल्म

मुंबई। आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की अपकमिंग फिल्म ‘उड़ता तीर’ को लेकर फैंस का इंतजार एक बार फिर बढ़ गया है। फिल्म की रिलीज डेट दूसरी बार आगे बढ़ा दी गई है। पहले यह फिल्म 11 सितंबर 2026 को रिलीज होने वाली थी, जिसे बाद में बदलकर 9 अक्टूबर किया गया था। अब मेकर्स ने इसकी रिलीज को आगे बढ़ाकर 23 अक्टूबर 2026 कर दिया है।
9 अक्टूबर को रिलीज हो रही हैं कई फिल्में
बताया जा रहा है कि 9 अक्टूबर को कई फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं। इनमें भारत की आधिकारिक ऑस्कर 2027 एंट्री ‘गोंधल’ भी शामिल है, जिसकी इसी दिन से एक्सक्लूसिव प्रीव्यू स्क्रीनिंग शुरू होने की बात कही गई है। ऐसे में फिल्मों के बीच संभावित क्लैश से बचने के लिए मेकर्स ने ‘उड़ता तीर’ की रिलीज डेट आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
अब आयुष्मान खुराना और सारा अली खान स्टारर यह फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
2024 में शुरू हुई थी फिल्म की शूटिंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘उड़ता तीर’ की शूटिंग 2024 में शुरू हुई थी। फिल्म का पहला शेड्यूल पूरा होने के बाद इसके निर्माण को कुछ समय के लिए रोक दिए जाने की खबरें सामने आई थीं। हालांकि, 2026 की शुरुआत में फिल्म पर दोबारा काम शुरू हुआ।
बताया गया कि फरवरी में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान ने मुंबई में फिल्म का एक लंबा शूटिंग शेड्यूल पूरा किया था। इस दौरान एक बड़े गाने के सीक्वेंस की शूटिंग भी की गई थी।
क्या है ‘उड़ता तीर’ की कहानी?
फिल्म की कहानी एक पाकिस्तानी जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है, जो भारत में दाखिल होने के बाद एक हादसे का शिकार हो जाता है। दुर्घटना के बाद उसकी याददाश्त चली जाती है और वह खुद को भारतीय समझने लगता है। इसके बाद उसके जीवन में ऐसा बदलाव आता है कि वह भारत के प्रति गहरा देशभक्ति भाव रखने लगता है।
फिल्म में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण करण जौहर, अपूर्व मेहता, आदर पूनावाला, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन ने किया है।


