यूपी के पूर्व ARTO के घर विजिलेंस का छापा, करोड़ों की नकदी, सोना और संपत्ति के दस्तावेज मिले

उत्तर प्रदेश विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में पूर्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के लखनऊ स्थित घर पर छापा मारा। दो दिन चली इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में नकदी, सोना, चांदी और कई संपत्तियों के दस्तावेज बरामद हुए।
विजिलेंस के अनुसार, घर से 1.62 करोड़ रुपये नकद, करीब 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और हीरे के आभूषण मिले हैं। बरामद सोना, चांदी और गहनों की अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जांच के दौरान लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में स्थित मकानों, प्लॉटों, कृषि भूमि और फ्लैटों से जुड़े दस्तावेज भी मिले। इन संपत्तियों की शुरुआती कीमत 13 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
इसके अलावा बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट, म्यूचुअल फंड और अन्य निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। टीम ने टोयोटा इनोवा, हुंडई i20 कार और एक लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद की है।
विजिलेंस का कहना है कि ललित कुमार के खिलाफ वर्ष 2024 में आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था। अब बरामद नकदी, गहनों और संपत्तियों के स्रोत की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

