जॉइनिंग के 4 घंटे बाद ही महिला को नौकरी से निकाला, बदले हुए वर्क शेड्यूल पर जताई थी असहमति

सोशल मीडिया पर एक महिला की नौकरी से जुड़ी कहानी चर्चा में है। दावा है कि नई नौकरी शुरू करने के कुछ ही घंटों बाद उसे कंपनी से बाहर कर दिया गया। बताया गया कि महिला ने इंटरव्यू के दौरान अपनी उपलब्धता स्पष्ट कर दी थी, लेकिन जॉइनिंग के पहले दिन कंपनी ने काम के घंटे और दिनों को लेकर अलग शेड्यूल सामने रख दिया।
इंटरव्यू में पहले ही तय थी शिफ्ट
वायरल पोस्ट के मुताबिक, महिला ने नौकरी के लिए इंटरव्यू के दौरान स्पष्ट किया था कि वह सोमवार से शुक्रवार सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक काम कर सकती है। बताया गया कि वह शाम के समय एक अस्पताल में काम करती थी और सुबह की यह नौकरी अपनी आय और बचत बढ़ाने के लिए कर रही थी।
नौकरी के पहले दिन तक सब कुछ सामान्य बताया गया। इसके बाद कंपनी की ओर से कर्मचारियों को नया शेड्यूल बताया गया, जिसमें सप्ताह में 6 से 7 दिन और रोजाना करीब 12 घंटे काम करने की बात कही गई।
महिला ने बताई अपनी परेशानी
कंपनी ने कर्मचारियों से पूछा कि क्या किसी को नए शेड्यूल को लेकर परेशानी है या उन्हें किसी तरह की मदद चाहिए। महिला ने अपनी स्थिति के बारे में खुलकर बताया। उसने यह भी कहा कि वह अपने निर्धारित छुट्टी वाले दिनों में जरूरत पड़ने पर 12 घंटे काम करने के लिए तैयार है।
बताया गया कि बैठक के दौरान कर्मचारियों की बात सुनी गई और उनके नाम भी नोट किए गए। महिला को उम्मीद थी कि कंपनी उसकी स्थिति को समझेगी, लेकिन कुछ ही देर बाद घटनाक्रम बदल गया।
लंच ब्रेक में आया नौकरी खत्म होने का फोन
दावा है कि लंच ब्रेक के दौरान महिला को उसकी भर्ती एजेंसी से फोन आया और उसे नौकरी से निकालने की जानकारी दी गई। पोस्ट के मुताबिक, जिन अन्य कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं सामने रखी थीं, उन्हें भी नौकरी से हटा दिया गया।
बताया गया कि कर्मचारियों को कंपनी की ओर से सीधे जानकारी देने के बजाय सुरक्षा कर्मचारियों के जरिए बाहर भेज दिया गया। घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पर प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ यूजर्स ने महिला को ऐसी स्थिति से बच निकलने की बात कही, जबकि कुछ ने उसे रोजगार कानून से जुड़े विशेषज्ञ से सलाह लेने की सलाह दी।



