ChhattisgarhBilaspur

बिलासपुर में बोलेरो की टक्कर से मासूम बच्ची गंभीर घायल

सड़क पार कर रही मासूम को बोलेरो ने मारी टक्कर

बिलासपुर। बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत बन्नाक चौक के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बोलेरो(Bolero) वाहन (क्रमांक CG 12 R 3489) ने सड़क पार कर रही बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और भीड़ ने चालक की पिटाई कर वाहन में तोड़फोड़ कर दी।

जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे बोलेरो(Bolero) चालक मनीष सूर्यवंशी कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। इसी दौरान सड़क पार कर रही साढ़े तीन वर्षीय बच्ची उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई।

आक्रोशित लोगों ने आरोपी चालक को घेरकर पीटा

दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी बोलेरो(Bolero) चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। साथ ही बोलेरो वाहन में भी जमकर तोड़फोड़ की गई, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर शुरू की जांच

इसी दौरान वहां से गुजर रहे सिरगिट्टी थाना प्रभारी वायपी सिंह ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने भीड़ से चालक को सुरक्षित निकाला और पुलिस हिरासत में भिजवाया। साथ ही मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घायल बच्ची को अपनी सरकारी गाड़ी से तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि सीएसपी निमितेश सिंह ने की है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button