ChhattisgarhRaipur

राहुल गांधी आएंगे रायपुर!

कांग्रेस जिला अध्यक्षों को मिलेगी नई जिम्मेदारी, संगठन को मजबूत करने की तैयारी तेज

रायपुर-छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। पार्टी के “संगठन सृजन अभियान” के तहत रायपुर में जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय मेगा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 जून से अभनपुर स्थित मंगल भवन में शुरू होगा। खास बात यह है कि इस शिविर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे और पार्टी पदाधिकारियों को संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।

इस संबंध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के प्रभारी संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) और सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों को पत्र भेजकर विस्तृत जानकारी दी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक यह प्रशिक्षण शिविर आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

जिला अध्यक्षों से सीधा संवाद करेंगे राहुल गांधी

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान वे विभिन्न जिलों की राजनीतिक परिस्थितियों, सामाजिक मुद्दों और संगठन की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी लेंगे। माना जा रहा है कि इस संवाद के आधार पर संगठन में कई महत्वपूर्ण बदलाव भी किए जा सकते हैं।

कांग्रेस के भीतर चर्चा है कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद जिला कांग्रेस कमेटियों को अधिक अधिकार दिए जा सकते हैं। इससे जिला स्तर पर निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज होगी और स्थानीय नेतृत्व की भूमिका पहले से अधिक मजबूत हो सकती है।

संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति

कांग्रेस का यह प्रशिक्षण शिविर संगठन को बूथ और जिला स्तर तक सक्रिय करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी चाहती है कि जिला और शहर स्तर के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित कर सकें। प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें नेतृत्व, जनसंपर्क और संगठन विस्तार से जुड़े विषयों की जानकारी दी जाएगी।

बड़े नेताओं की मौजूदगी रहेगी अनिवार्य

एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने निर्देश दिए हैं कि प्रशिक्षण कार्यक्रम की सभी तैयारियां एआईसीसी के प्रशिक्षण विभाग के समन्वय से पूरी की जाएं। साथ ही शिविर के पहले दो दिन और अंतिम दो दिन एआईसीसी महासचिवों, पीसीसी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष की उपस्थिति अनिवार्य होगी।

खरगे और प्रियंका गांधी के आने की भी चर्चा

रायपुर में आयोजित होने वाले इस मेगा प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव प्रियंका गांधी के भी शामिल होने की चर्चा है। हालांकि, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक पुनर्गठन को देखते हुए यह प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। ऐसे में रायपुर में होने वाला यह आयोजन प्रदेश की राजनीति का केंद्र बिंदु बन सकता है।

 

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button