International

चीन में फिर बढ़े कोरोना के मामले, क्या भारत को सतर्क रहने की जरूरत?

चीन में कोविड-19 संक्रमण के मामलों में एक बार फिर बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। जून 2026 में देश में करीब 79 हजार नए कोरोना केस सामने आए हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या चीन में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए भारत को भी सतर्क रहने की जरूरत है।

चीन में हाल के हफ्तों में कोरोना वायरस 2026 में पहली बार इन्फ्लुएंजा को पीछे छोड़कर सबसे तेजी से फैलने वाला श्वसन संक्रमण बन गया है। हालांकि, चीन के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर संक्रमित मरीजों में हल्के लक्षण ही दिखाई दे रहे हैं और मौजूदा संक्रमण लहर पिछले साल की तुलना में कमजोर है।

चीन में कितने मामले सामने आए?

चीन के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के अनुसार, 13 से 19 जुलाई के बीच कोविड-19 टेस्ट की पॉजिटिविटी रेट 16.3 प्रतिशत रही। यह पिछले सप्ताह के मुकाबले 4.3 प्रतिशत अधिक है। वहीं इसी अवधि में फ्लू की पॉजिटिविटी रेट 12.6 प्रतिशत दर्ज की गई।

जून 2026 में चीन में लगभग 79 हजार नए कोविड-19 मामले सामने आए। इनमें 130 मरीज गंभीर स्थिति में पहुंचे, जबकि एक मरीज की मौत हुई।

कौन सा वैरिएंट फैला हुआ है?

चीन में फिलहाल ओमिक्रॉन का NB.1.8.1 वैरिएंट सक्रिय है। चीन के CDC के मुताबिक, इसकी संक्रमण क्षमता मध्यम स्तर की है। अभी तक ऐसा कोई नया वैरिएंट सामने नहीं आया है, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए ज्यादा बड़ा खतरा पैदा करे।

क्या भारत को डरने की जरूरत है?

विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है। चीन में ज्यादातर मरीजों में बुखार, गले में खराश और हल्के सर्दी-जुकाम जैसे लक्षण देखे जा रहे हैं। संक्रमित लोग आमतौर पर 5 से 7 दिनों में ठीक हो रहे हैं।

गंभीर मामलों और मौतों में कोई असामान्य बढ़ोतरी नहीं देखी गई है। मौजूदा संक्रमण दर 2025 में आई लहर की तुलना में कमजोर बताई जा रही है।

CDC ने किन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी?

चीन के CDC ने बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

सार्वजनिक स्थानों और अस्पतालों में मास्क पहनने की सलाह दी गई है। साथ ही जरूरत के अनुसार वैक्सीन की बूस्टर डोज लेने की अपील भी की गई है।

गर्मी में भी क्यों बढ़ रहे कोरोना के मामले?

पहले कोरोना और फ्लू के मामले ज्यादातर सर्दियों में बढ़ते थे, लेकिन अब गर्मियों में भी संक्रमण फैल रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, तेज गर्मी में लोग लंबे समय तक एसी वाले बंद कमरों में रहते हैं, जिससे वायरस के फैलने का खतरा बढ़ जाता है।

इसके अलावा गर्मियों की छुट्टियों में बढ़ती यात्रा और लोगों की आवाजाही भी संक्रमण फैलने की एक वजह हो सकती है।

भारत में कोरोना की स्थिति कैसी है?

चीन में बढ़ते मामलों के बावजूद भारत में फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में सक्रिय कोविड-19 मरीजों की संख्या काफी कम है।

हालांकि आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और कुछ अन्य राज्यों में हाल के दिनों में कुछ मामले सामने आए हैं, लेकिन ज्यादातर मरीजों में हल्के लक्षण ही पाए गए हैं। स्वास्थ्य एजेंसियां चीन समेत अन्य देशों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button