Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

खुद की बलि देने की अफवाह से मचा हड़कंप, पिता ने बताया पारिवारिक विवाद

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के रगदा गांव में एक युवक द्वारा चाकू से अपना गला काटने की घटना के बाद इलाके में खुद की बलि देने की अफवाह फैल गई। मामला बसदेई चौकी क्षेत्र का है, जहां 28 वर्षीय अमीर साय ने शनिवार सुबह पारिवारिक विवाद के बाद अपनी गर्दन पर चाकू से वार कर लिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पिता ने पारिवारिक विवाद को बताया वजह

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह अमीर साय का परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उसने अपनी गर्दन पर चाकू से वार कर लिया। गले में गंभीर चोट लगने के बाद परिजन उसे 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल सूरजपुर लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम के अनुसार, युवक के पिता ने पारिवारिक झगड़े के बाद खुद चाकू से गला काटने की जानकारी दी है।

देवी-देवताओं के नाम पर बलि देने की फैली अफवाह

घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा फैल गई कि युवक ने देवी-देवता के नाम पर अपनी बलि देने की कोशिश की है। हालांकि, सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम ने इस तरह की अफवाहों को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की वजह पारिवारिक विवाद है।

मेडिकल कॉलेज से बिना इलाज लौटने की चर्चा

युवक को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने के बाद वहां से बिना इलाज कराए लौटने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बसदेई चौकी प्रभारी रघुवंश सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में चौकी में फिलहाल कोई सूचना दर्ज नहीं है। उन्होंने भी युवक के घायल होने और मेडिकल कॉलेज से बिना उपचार कराए लौटने की बात सुनी है।

फिलहाल युवक की वर्तमान स्थिति और अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में उसके इलाज को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के वास्तविक कारणों और आगे की स्थिति पर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button