राज्योत्सव में कांग्रेस नेताओं की गैरमौजूदगी पर सांसद संतोष पांडे का तंज, बोले- ‘इनका प्रेम कालनेमि जैसा’

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में कांग्रेस नेताओं के शामिल नहीं होने पर राजनांदगांव से भाजपा सांसद संतोष पांडे ने तंज कसा है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें छत्तीसगढ़ के राज्योत्सव की कोई खुशी नहीं है। उनका प्रेम केवल कुर्सी तक सीमित है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के छत्तीसगढ़ प्रेम की तुलना कालनेमि राक्षस से करते हुए तंज कसा।
अलग राज्य के गठन को लेकर कांग्रेस पर निशाना
मीडिया से चर्चा के दौरान सांसद संतोष पांडे ने कहा कि लोग लंबे समय से अलग छत्तीसगढ़ राज्य की कल्पना कर रहे थे। कांग्रेस ने तेलंगाना का निर्माण किया, लेकिन वहां अलग राज्य के लिए काफी खून-खराबा हुआ। वहीं छत्तीसगढ़ बिना किसी खून-खराबे के अलग राज्य बना और यहां अमन-चैन कायम है।
‘मॉक पार्लियामेंट कोई नई बात नहीं’
दिल्ली में कांग्रेस की ओर से मॉक पार्लियामेंट आयोजित किए जाने पर भी संतोष पांडे ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह कोई नई बात नहीं है। बस्तर में पहले जनताना सरकार चलाने की बात सामने आती रही है, जहां बंदूक की नोक पर सरकार चलती थी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सली’ वाले बयान का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। पांडे ने कहा कि सदन के अंदर कांग्रेस नेता बोलते नहीं और कई बार सदन से बाहर चले जाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “धूल चेहरे पर थी, आइना साफ करते रहे।”
निकाय और अहिवारा उपचुनाव के लिए भाजपा तैयार
नगरीय निकाय चुनाव और अहिवारा उपचुनाव को लेकर सांसद ने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का जिक्र करते हुए कहा कि रिक्त स्थान की पूर्ति के लिए उपचुनाव कराया जाता है।
संतोष पांडे ने कहा कि भाजपा चुनावी तैयारी में हमेशा जुटी रहती है। चुनाव को लेकर लगातार बैठकें होंगी और शक्ति केंद्रों पर भी बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी में संगठनात्मक बैठकें निरंतर चलती रहती हैं।



