रिलीज से पहले ही श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ ने मचाया धमाल, 90 करोड़ रुपये में बिके डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स
PVR-आईनॉक्स ने हासिल किए फिल्म के ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स, 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर जल्द ही अपनी नई फिल्म ‘ईठा’ के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। फिल्म रिलीज से पहले ही सुर्खियों में आ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 90 करोड़ रुपये में बिके हैं। PVR-आईनॉक्स ने पूरे भारत के लिए फिल्म के वितरण अधिकार हासिल किए हैं। एक महिला-केंद्रित फिल्म के लिहाज से इसे बड़ी डील माना जा रहा है।
साल 2024 में रिलीज हुई ‘स्त्री 2’ के बाद श्रद्धा कपूर अब ‘ईठा’ में एक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आएंगी। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसे दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। इसके बाद से ही फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। मेकर्स के साथ-साथ डिस्ट्रीब्यूटर भी फिल्म की संभावनाओं को लेकर भरोसा जता रहे हैं।
मशहूर लावणी डांसर विठाबाई के किरदार में दिखेंगी श्रद्धा
‘ईठा’ में श्रद्धा कपूर मशहूर लावणी डांसर विठाबाई का किरदार निभा रही हैं। पिंकविला की एक रिपोर्ट के अनुसार, PVR-आईनॉक्स ने फिल्म के ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 90 करोड़ रुपये में हासिल किए हैं। इस डील को फिल्म के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
फिल्म का निर्माण मैडॉक फिल्म्स ने किया है। इसी प्रोडक्शन हाउस के साथ श्रद्धा कपूर ने ‘स्त्री 2’ जैसी बड़ी हिट फिल्म दी थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 800 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था।
रणदीप हुड्डा समेत ये सितारे भी आएंगे नजर
‘ईठा’ में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब और सिद्धार्थ जाधव भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। इससे पहले लक्ष्मण उतेकर विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ का निर्देशन कर चुके हैं। ‘छावा’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर 800 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी और उसका निर्माण भी मैडॉक फिल्म्स ने किया था।
अब दर्शकों की नजर इस बात पर रहेगी कि ‘ईठा’ सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद कैसा प्रदर्शन करती है।
4 दिसंबर को रिलीज होगी ‘ईठा’
‘स्त्री 2’ के बाद श्रद्धा कपूर को बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे प्रशंसकों के लिए ‘ईठा’ खास होने वाली है। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज से पहले 90 करोड़ रुपये की डिस्ट्रीब्यूशन डील ने फिल्म को लेकर चर्चा और बढ़ा दी है।



