आरोपी को छुड़ाने का दबाव बनाना दो आरक्षकों को पड़ा भारी, एसएसपी ने किया निलंबित

भिलाई में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को छुड़ाने का दबाव बनाने और प्रधान आरक्षक से अभद्र व्यवहार करने के मामले में दो आरक्षकों पर कार्रवाई की गई है। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने छावनी थाना के आरक्षक सोनू चौहान और खुर्सीपार थाना के आरक्षक चंद्रभान चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
आरोपी को छोड़ने के लिए बनाया दबाव
खुर्सीपार थाना क्षेत्र में प्रधान आरक्षक रामनारायण यदु सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान कार्रवाई की जद में आए एक आरोपी को छोड़ने के लिए दोनों आरक्षकों ने प्रधान आरक्षक पर दबाव बनाया। आरोप है कि दोनों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की बात कही और इस दौरान प्रधान आरक्षक के साथ अभद्र व्यवहार भी किया।
मामले के बाद प्रधान आरक्षक ने इसकी जानकारी थाना प्रभारी लक्ष्मण केंवट को दी। थाना प्रभारी ने घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया।
एसएसपी ने तत्काल लिया एक्शन
मामले की जानकारी मिलने के बाद दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने दोनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद दोनों आरक्षकों को रक्षित केंद्र, दुर्ग से संबद्ध किया गया है।
24 घंटे में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश
एसएसपी ने रक्षित निरीक्षक को दोनों आरक्षकों के खिलाफ प्राथमिक जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच पूरी कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। दोनों आरक्षकों पर अनुशासनहीनता और प्रधान आरक्षक पर अनुचित दबाव बनाने के आरोपों की जांच की जा रही है।



