गौठानों की बदहाली पर सियासत तेज, अमरजीत भगत के आरोपों पर मंत्री राजेश अग्रवाल का पलटवार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गौठानों की स्थिति को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच एक बार फिर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने प्रदेश सरकार पर गौठानों की अनदेखी करने और गोबर खरीदी योजना बंद करने का आरोप लगाया। इसके जवाब में मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मौजूदा सरकार गौठानों की व्यवस्था सुधारने की दिशा में काम कर रही है।
अमरजीत भगत बोले- सड़कों पर घूम रहे मवेशी
अमरजीत भगत ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई गौठानों की स्थिति बेहद खराब है। उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मवेशी सड़कों पर आ रहे हैं और इससे दुर्घटनाएं हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि सरगुजा जिले में एक पंचायत के लोग अपनी समस्या बताने के लिए पूरे मवेशियों को लेकर कलेक्ट्रेट तक पहुंच गए थे। भगत ने कहा कि भाजपा सरकार में लोगों की समस्याएं सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार की गोबर खरीदी योजना से ग्रामीणों और पशुपालकों को फायदा मिल रहा था, लेकिन मौजूदा सरकार ने इसे बंद कर दिया।
मंत्री बोले- गौठानों की व्यवस्था सुधार रहे
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि गौठान योजना कांग्रेस सरकार के समय शुरू जरूर की गई थी, लेकिन इसके रखरखाव और चारे के लिए पर्याप्त राशि की व्यवस्था स्पष्ट नहीं थी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार गौठानों की व्यवस्था बेहतर बनाने पर काम कर रही है। अभी किसी बड़ी अव्यवस्था की शिकायत सामने नहीं आई है। आने वाले समय में गौठानों की संख्या और सुविधाएं बढ़ाने की योजना है। सरकार का उद्देश्य गौवंश की बेहतर देखभाल और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
UCC को लेकर भी आमने-सामने कांग्रेस-भाजपा
समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी हुई। अमरजीत भगत ने UCC पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे आम जनता को क्या फायदा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को परेशान करने के लिए ऐसी योजनाएं लाई जा रही हैं।
इसके जवाब में राजेश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस हर अच्छे काम का विरोध करती है। उन्होंने कहा कि UCC पूरे प्रदेश में लागू होगा और इसका लाभ जनता को मिलेगा।
बारिश के बाद शुरू होगा सड़कों का काम
प्रदेश में खराब सड़कों को लेकर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जिन क्षेत्रों में सड़कें ज्यादा खराब हैं, वहां मरम्मत के लिए टेंडर हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष डामर के दाम बढ़ने के कारण मार्च के बाद कई ठेकेदारों ने काम शुरू नहीं किया था। इसके कारण सड़कों की खराब स्थिति ज्यादा सामने आई।
मंत्री ने कहा कि बारिश खत्म होते ही सड़कों की मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। अगले 4 से 6 महीनों में खराब सड़कों पर काम शुरू करने का लक्ष्य है। अंबिकापुर-रायगढ़ रोड समेत कई बड़े कार्यों के टेंडर भी हो चुके हैं।
यह भी पढ़ें -NEET UG काउंसलिंग को लेकर घमासान, डोमिसाइल जांच की मांग पर NSUI करेगी प्रदर्शन
नक्सलवाद पर भूपेश बघेल को जवाब
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नक्सलवाद को लेकर दिए बयान पर भी मंत्री राजेश अग्रवाल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में नक्सलवाद खत्म करने के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए गए।
मंत्री ने रमन सिंह के कार्यकाल में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार और सुरक्षा बलों के प्रयासों से छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के खिलाफ तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश से नक्सलवाद को खत्म करना है।
फर्जी टोल फ्री नंबर से ठगी पर साइबर सेल को सूचना
पर्यटन विभाग के नाम पर फर्जी टोल फ्री नंबर के जरिए ठगी के मामले में मंत्री ने कहा कि जानकारी मिलते ही संबंधित नंबरों की रिपोर्ट की गई है। विभाग ने पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए आधिकारिक टोल फ्री नंबर जारी किया है।
मामले की जानकारी साइबर सेल को भी दी गई है, ताकि फर्जी नंबर चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।



