NationalSports

इंडिया-ए ने रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका-ए को 8 रन से हराया, गायकवाड के शतक और अरशद की घातक गेंदबाजी से जीता मैच

दिल्ली। दांबुला में खेले गए ट्राई सीरीज के पहले वनडे मुकाबले में इंडिया-ए ने श्रीलंका-ए को 8 रन से हराकर शानदार शुरुआत की। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट पर 277 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका-ए की टीम जीत के करीब पहुंचने के बावजूद 48.5 ओवर में 269 रन पर सिमट गई।

भारतीय पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दोनों ओपनर जल्दी आउट हो गए। वैभव सूर्यवंशी 14 और प्रभसिमरन सिंह सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड और कप्तान तिलक वर्मा ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

गायकवाड ने 101 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं तिलक वर्मा ने 60 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। अंत में आयुष बदोनी और सूर्यांश शेडगे की तेज बल्लेबाजी से भारत 277 रन तक पहुंच सका।

आयुष बदोनी ने भारत की वापसी कराई

278 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका-ए ने दमदार शुरुआत की। निरोशन डिकवेला और अविष्का फर्नांडो ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़कर भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। हालांकि आयुष बदोनी ने लगातार दो विकेट लेकर भारत की वापसी कराई। इसके बाद अनुकूल रॉय और विप्रज निगम ने मध्यक्रम को झटके दिए।

श्रीलंका के कप्तान सहान अराचिगे ने 74 रन और सदीरा समरविक्रमा ने 46 रन बनाकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। आखिरी दो ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए सिर्फ 10 रन चाहिए थे और उसके तीन विकेट शेष थे।

269 रन पर ऑलआउट हो गई थी टीम

अरशद खान ने 49वें ओवर में कमाल कर दिया। उन्होंने दो बल्लेबाजों को आउट किया और एक रनआउट भी कराया। एक ही ओवर में तीन विकेट गिरने से श्रीलंका की पूरी टीम 269 रन पर ऑलआउट हो गई।

भारत के लिए अरशद खान, आयुष बदोनी, अनुकूल रॉय और विप्रज निगम ने दो-दो विकेट लिए। इस जीत के साथ इंडिया-ए ने ट्राई सीरीज में विजयी आगाज किया।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button