Follow Us on Our Social Media
ChhattisgarhRaipur

रायपुर एयरपोर्ट में नई सुविधा,

जल्द ही शुरू होगी अकासा एयरलाइंस की फ्लाइट

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से यात्रियों को जल्द ही एक नई हवाई सुविधा मिलने वाली है। एयर इंडिया और इंडिगो के बाद अब अकासा एयरलाइंस भी रायपुर से अपनी उड़ान सेवाएं शुरू करने की तैयारी में है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो सितंबर 2026 से रायपुर-मुंबई सेक्टर में अकासा एयरलाइंस की फ्लाइट का संचालन शुरू हो सकता है। इसके शुरू होने के बाद रायपुर से मुंबई के लिए उड़ानों की संख्या बढ़कर पांच हो जाएगी।

वर्तमान में रायपुर और मुंबई के बीच इंडिगो एयरलाइंस की चार नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए अकासा एयरलाइंस इस रूट पर संभावनाएं तलाश रही है। जानकारी के मुताबिक एयरलाइन कंपनी के अधिकारी रायपुर-मुंबई सेक्टर में यात्रियों की संख्या और व्यावसायिक संभावनाओं का सर्वे कर रहे हैं। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर उड़ान शुरू करने को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

एयरपोर्ट में अभी नहीं खुला कंपनी का कार्यालय

ट्रैवल्स कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि फिलहाल अकासा एयरलाइंस द्वारा कार्यालय, विमान उपलब्धता और उड़ान शेड्यूल जैसे पहलुओं पर विचार किया जा रहा है। अभी तक रायपुर एयरपोर्ट पर कंपनी का आधिकारिक कार्यालय शुरू नहीं हुआ है, लेकिन उड़ान संचालन को लेकर तैयारियां और चर्चाएं तेज हो गई हैं।

हाल ही में एयरलाइन कंपनी ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संचालित होने वाली अपनी उड़ानों को लेकर सूचना जारी की है। इसके अनुसार मुंबई से उड़ान भरने वाली सभी अकासा फ्लाइट्स टर्मिनल-2 से संचालित होंगी।

रोजाना 1400 से अधिक यात्री करते हैं यात्रा

ट्रैवल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (TAFI) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमन जादवानी के अनुसार रायपुर-मुंबई रूट पर यात्रियों की मांग लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में इस सेक्टर में रोजाना लगभग 1400 से अधिक यात्री सफर करते हैं।

उन्होंने बताया कि मौजूदा चार उड़ानों में यात्रियों की अच्छी संख्या को देखते हुए नई एयरलाइन के लिए भी पर्याप्त संभावनाएं मौजूद हैं। हालांकि अभी तक अकासा एयरलाइंस की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन जल्द सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई जा रही है।

बर्ड हिट से प्रभावित हुई एयर इंडिया की फ्लाइट

इसी बीच बुधवार सुबह रायपुर एयरपोर्ट पर एक तकनीकी घटना भी सामने आई। दिल्ली से रायपुर आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट का शिकार हो गई। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार सुबह करीब 8 बजे विमान से एक पक्षी टकरा गया था।

हालांकि इस घटना में विमान को कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा और सभी यात्री एवं क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित रहे। एहतियात के तौर पर तकनीकी टीम ने लगभग एक घंटे तक विमान की विस्तृत जांच की। जांच प्रक्रिया के कारण कुछ अन्य उड़ानों के संचालन में भी देरी हुई।

एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि आवश्यक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) पूरा करने के बाद विमान को सुरक्षित रूप से आगे की उड़ान के लिए रवाना किया गया।

पहले भी रनवे पर आ चुका है बंदर

गौरतलब है कि करीब तीन महीने पहले भी रायपुर एयरपोर्ट चर्चा में आया था, जब लखनऊ से रायपुर आने वाली एक फ्लाइट के टेकऑफ के दौरान रनवे पर अचानक एक बंदर आ गया था। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत सुरक्षा उपाय अपनाए और विमान को रोक दिया गया।

इसके बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा टीम, ग्राउंड स्टाफ और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बंदर को सुरक्षित रूप से रनवे से हटाया था। पूरी जांच के बाद ही विमान संचालन दोबारा शुरू किया गया था।

रायपुर एयरपोर्ट पर लगातार बढ़ती यात्री संख्या और नई एयरलाइंस की संभावित एंट्री को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले समय में राजधानी से हवाई संपर्क और अधिक मजबूत होगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा और अधिक विकल्प मिल सकेंगे।

 

Follow Us on Our Social Media

Shruti Jangde

With over 6 years of experience in the media industry, I specialize in news anchoring, copywriting, and digital journalism. I cover a wide range of news, delivering accurate, unbiased, and fact-based reporting. Passionate about bringing the truth to the public, I am committed to ethical journalism and credible storytelling. My goal is to inform, inspire, and make a meaningful impact through responsible reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button