अभनपुर में कांग्रेस का मंथन शुरू, आज से जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर
NEETअभ्यर्थियों की पीड़ा का जिक्र करते हुए दीपक बैज ने शिक्षा मंत्री को हटाने की मांग दोहराई

रायपुर | छत्तीसगढ़ कांग्रेस(Congress) के जिला अध्यक्षों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शनिवार से अभनपुर में शुरू हो गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि पार्टी के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट शनिवार शाम शिविर में पहुंचेंगे, जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 21 जून को रायपुर पहुंचकर सीधे प्रशिक्षण स्थल जाएंगे। शाम को उनका दिल्ली लौटने का कार्यक्रम निर्धारित है।
शिविर में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ जमीनी स्तर पर काम करने का दिया जाएगा प्रशिक्षण
दीपक बैज के मुताबिक, अखिल भारतीय कांग्रेस(Congress) कमेटी के प्रशिक्षण विभाग की ओर से आयोजित इस शिविर में जिला अध्यक्षों को संगठनात्मक गतिविधियों के साथ जमीनी स्तर पर काम करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम के तहत फील्ड विजिट, श्रमदान, गांवों में रात्रि प्रवास और समसामयिक मुद्दों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान भी शामिल किए गए हैं। इसका उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ पदाधिकारियों को व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराना है।
विद्यार्थियों का मनोबल गिरा और परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा पड़ा कमजोर: दीपक बैज
इस दौरान कांग्रेस(Congress) अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि हाल ही में उन्होंने नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से मुलाकात की थी। उनके अनुसार परीक्षा रद्द होने की घटनाओं और पेपर लीक के मामलों से अभ्यर्थियों का मनोबल प्रभावित हुआ है तथा परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर पड़ा है। उन्होंने इस मामले में जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पद से हटाने की मांग दोहराई।
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि इस तरह की भाषा राजनीतिक मर्यादा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं में व्यक्तिगत टिप्पणी की जगह मुद्दों पर बहस होनी चाहिए। बैज ने पुरंदर मिश्रा के बयान को आपत्तिजनक बताते हुए भाजपा से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।

