‘काला हिरण’ फिल्म विवाद में सलमान खान को हाईकोर्ट का नोटिस, चार हफ्ते में मांगा जवाब

फिल्म ‘काला हिरण- द बैटल फॉर लिगेसी’ को लेकर कानूनी विवाद बढ़ता जा रहा है। दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म निर्माता अमित जानी की अर्जी पर अभिनेता सलमान खान से जवाब मांगा है। अदालत ने जवाब दाखिल करने के लिए चार हफ्ते का समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी। निर्माता ने अदालत से सलमान खान की ओर से दायर मुकदमे पर सुनवाई रोकने और मामले में दिल्ली हाईकोर्ट के अधिकार क्षेत्र पर सवाल उठाते हुए अर्जी वापस लेने की मांग की है।
फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग
यह फिल्म वर्ष 1998 के काले हिरण शिकार मामले पर आधारित बताई जा रही है। सलमान खान ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। उनका पक्ष है कि फिल्म से उनके व्यक्तित्व और प्रचार संबंधी अधिकारों का उल्लंघन हो सकता है। दूसरी ओर, निर्माता अमित जानी ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग का विरोध किया है। उनका कहना है कि केवल टीजर के आधार पर पूरी फिल्म के बारे में निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता और तैयार फिल्म पर रोक लगाना असाधारण कदम होगा।
निर्माता ने दिल्ली हाईकोर्ट के अधिकार क्षेत्र पर उठाए सवाल
निर्माता अमित जानी की ओर से दाखिल अर्जी में कहा गया है कि सलमान खान मुंबई में रहते हैं, जबकि मामले के दूसरे पक्ष का संबंध मेरठ, उत्तर प्रदेश से बताया गया है। निर्माता के मुताबिक, दोनों पक्षों के दिल्ली में रहने या कारोबार करने का आधार नहीं है। अर्जी में यह भी दलील दी गई है कि फिल्म के टीजर, पोस्टर और प्रचार सामग्री का प्रसार अपने आप में दिल्ली हाईकोर्ट को मामले की सुनवाई का अधिकार नहीं देता। उनका कहना है कि शिकायत में दिल्ली के दर्शकों को विशेष रूप से निशाना बनाए जाने या सलमान खान को दिल्ली में नुकसान पहुंचने का आरोप भी नहीं है।
फिल्म को अभी नहीं मिला प्रमाणन
इस सप्ताह की शुरुआत में भी दिल्ली हाईकोर्ट ने सलमान खान के मुकदमे पर रोक लगाने की निर्माता की अर्जी पर नोटिस जारी किया था। सुनवाई के दौरान यह भी बताया गया कि इसी तरह के विवाद से जुड़ा एक अन्य मामला पहले से लंबित है। पिछले महीने निर्माता ने अदालत को बताया था कि फिल्म अभी रिलीज के लिए तैयार नहीं है, क्योंकि इसे केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से प्रमाणपत्र मिलना बाकी है। फिलहाल अदालत ने अधिकार क्षेत्र से संबंधित अर्जी पर सलमान खान से जवाब मांगा है।



