रायपुर में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा, हरियाणा-जबलपुर कनेक्शन आया सामने
15 किलो गांजा के साथ पति-पत्नी गिरफ्तार, नाबालिग भी मिली साथ

रायपुर। राजधानी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अंतर्राज्यीय गांजा(Cannabis) तस्करी से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पति-पत्नी समेत एक नाबालिग बालिका को पकड़ा है। टिकरापारा थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15.431 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
थाना पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, भाठागांव बस स्टैंड स्थित नीलकंठेश्वर मंदिर के सामने कुछ लोगों द्वारा गांजा(Cannabis) बिक्री के लिए लाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टिकरापारा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर एक पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग बालिका को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद बैग से खाकी टेप से पैक किया गया 15.431 किलोग्राम गांजा(Cannabis) बरामद किया गया।
अंतर्राज्यीय स्तर पर करते हैं गांजा तस्करी का काम
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हंसराज (38) और उसकी पत्नी सोनिया गुज्जर उर्फ सोनू (27) के रूप में हुई। दोनों मूल रूप से हरियाणा के पलवल जिले के निवासी हैं और वर्तमान में मध्य प्रदेश के जबलपुर में रह रहे थे। जांच में सामने आया कि दोनों अंतर्राज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी से जुड़े हुए हैं।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि उनके साथ मौजूद नाबालिग बालिका आरोपियों की रिश्तेदार नहीं है। पुलिस के अनुसार, जांच और चेकिंग के दौरान शक से बचने के लिए उसे परिवार के सदस्य के रूप में साथ रखा गया था। मामले में नाबालिग की पहचान किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत गोपनीय रखी गई है।
आरोपियों के खिलाफ टिकरापारा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग बालिका को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित कड़ियों की जांच की जा रही है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

