
बलौदाबाजार। जिले के कसडोल स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्राओं ने शिकायत की थी कि उन्हें दिए जा रहे चावल में कीड़े निकल रहे हैं। मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और जांच में शिकायत सही पाई गई।
छात्राओं ने पालकों को बताई परेशानी
जानकारी के मुताबिक छात्राओं ने अपने पालकों को बताया कि कई दिनों से उन्हें गुणवत्ताहीन भोजन दिया जा रहा है और चावल में इल्लियां निकल रही हैं। इसके बाद पालकों ने प्रशासन से शिकायत कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
कलेक्टर के निर्देश पर हुई जांच
कलेक्टर के निर्देश पर जिला मिशन समन्वयक नरेंद्र वर्मा विद्यालय पहुंचे और छात्राओं से अलग-अलग बातचीत की। जांच के दौरान चावल में कीड़े मिलने की पुष्टि हुई। इसके बाद विद्यालय की भोजन व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
क्या बोले जिम्मेदार?
नरेंद्र वर्मा, जिला मिशन समन्वयक:
“कलेक्टर के निर्देश पर जांच की गई। जांच में चावल में कीड़े पाए गए हैं। अधीक्षिका और रसोइया को चावल अच्छी तरह साफ कर भोजन बनाने के निर्देश दिए गए हैं।”
देव कुमारी नायक, अधीक्षिका:
“बच्चों ने दो दिन पहले भोजन में कीड़े मिलने की जानकारी दी थी। इसके बाद रसोइया को चावल अच्छी तरह साफ करने और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।”
पालकों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
मामला सामने आने के बाद पालकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि छात्राओं की सेहत से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अब सबकी नजर प्रशासन की कार्रवाई पर
जांच में शिकायत सही मिलने के बाद अब सवाल यह है कि भोजन की गुणवत्ता में लापरवाही बरतने वालों पर क्या कार्रवाई होगी। जिला प्रशासन ने जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया है।

