PSC चयन प्रक्रिया पर विश्व विजय सिंह तोमर बोले- युवाओं का भरोसा बहाल हुआ, हर जिले में मुफ्त कोचिंग की तैयारी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में PSC की चयन प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों और चयन में कथित पक्षपात के आरोपों के बीच प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था पर युवाओं का भरोसा डगमगाने की बात सामने आई थी। अब सरकार के करीब पौने तीन साल के कार्यकाल में युवाओं का विश्वास दोबारा बहाल होने का दावा छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने किया है।
बिलासपुर प्रेस क्लब के ‘हमर पहुंना’ कार्यक्रम में शामिल हुए विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार युवाओं के भविष्य के तीन प्रमुख आधार हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को अगर यह महसूस हो कि अवसर पहले से तय हैं, तो इससे उनका मनोबल प्रभावित होता है।
PSC के दो परिणामों से बढ़ा आत्मविश्वास
तोमर ने दावा किया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में PSC के दो परिणाम सामने आने के बाद चयनित युवाओं में आत्मविश्वास दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के हर जिले में मुफ्त प्रशासनिक सेवा और PSC कोचिंग की सुविधा शुरू की जाए।
उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति प्रतिभाशाली युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी उद्देश्य से युवाओं के लिए मोटिवेशनल कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने पर जोर
युवा आयोग अध्यक्ष ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए युवा रत्न और खेल रत्न सम्मान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था तैयार करने की दिशा में काम कर रही है, जिसमें युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ सकें।
उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर अवसर और उचित मंच उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे अपनी क्षमता का पूरा इस्तेमाल कर सकें और प्रदेश के विकास में योगदान दे सकें।



