Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

भारत-जिम्बाब्वे महिला T20 सीरीज के लिए तैयारियां पूरी, स्टेडियम में ई-टिकट से एंट्री; सुरक्षा से ट्रैफिक तक पुख्ता इंतजाम

रायपुर। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होने वाली T20 सीरीज के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सीरीज के तीन मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को खेले जाएंगे। मैचों के दौरान दर्शकों की सुविधा, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बुधवार को उच्चस्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उन्होंने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। सुरक्षा और मैचों के सुचारू संचालन से जुड़े इंतजाम पुलिस विभाग और आयोजक संस्थाओं की जिम्मेदारी होगी।

स्थानीय व्यवस्थाओं के लिए बनी सपोर्ट कमेटी

मैचों के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित की गई है। इसमें रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, खेल एवं युवा कल्याण संचालक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं।

यह कमेटी मैच से जुड़ी स्थानीय व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की निगरानी करेगी।

WhatsApp Image 2026 10 07 at 7.37.36 PM 1536x779 1

ई-टिकट से मिलेगा प्रवेश, स्टेडियम में ओपन वाई-फाई

दर्शकों के लिए टिकटों की बिक्री ऑनलाइन होगी। स्टेडियम में प्रवेश के दौरान ई-टिकट आसानी से स्कैन हो सके, इसके लिए परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। टिकट पर स्टेडियम का पूरा नाम शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर दर्ज रहेगा।

दर्शकों को उनकी टिकट की संख्या के अनुपात में पार्किंग पास उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की जाएगी।

पार्किंग और स्टेडियम में CCTV से निगरानी

मैचों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए स्टेडियम परिसर और सभी पार्किंग क्षेत्रों में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और BCCI के समन्वय से सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था संभाली जाएगी।

स्टेडियम के आसपास वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।

पानी, भोजन और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था

दर्शकों के लिए स्टेडियम के भीतर खाद्य सामग्री और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली व्यवस्था की जिम्मेदारी CSPDCL और ऊर्जा विभाग संभालेगा।

स्वास्थ्य विभाग आसपास के अस्पतालों की मैपिंग करेगा। मैच के दौरान स्टेडियम में एम्बुलेंस भी तैनात रहेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

आपात स्थिति के लिए ग्रीन कॉरिडोर

आपातकालीन चिकित्सा सहायता और VVIP आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का रूट पहले से तय किया गया है। किसी आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड की पहुंच आसान रहे, इसके लिए रूट चिन्हित करने और पर्याप्त पानी की व्यवस्था की जिम्मेदारी गृह एवं अग्निशमन विभाग को दी गई है।

स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए BSNL को जरूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े अधिकारी

बैठक में परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, संचालक जनसंपर्क आशीष टिकरिया, पर्यटन विभाग के एमडी सौमिल रंजन चौबे समेत रायपुर कलेक्टर, रायपुर पुलिस अधीक्षक, एनआरडीए, खेल एवं युवा कल्याण, फायर एवं सेफ्टी, एयरपोर्ट अथॉरिटी, CSPDCL, PWD और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button