CJP प्रमुख अभिजीत दिपके का दिल्ली पुलिस पर पलटवार, बोले- ‘हम फिर से सड़कों पर उतरेंगे’

नई दिल्ली। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के विरोध-प्रदर्शन और पार्टी प्रमुख अभिजीत दिपके से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद विवाद और बढ़ गया है। पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने और दिपके के व्यवहार को लेकर अपना पक्ष रखा। इसके बाद अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर पुलिस के दावों पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि उन्हें अपने परिवार और वकील से बात करने की अनुमति नहीं दी गई।
‘फोन इस्तेमाल करने और वकील से बात करने की अनुमति क्यों नहीं दी?’
अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहीं डीसीपी नेहा यादव का वीडियो टैग करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी दादी के साथ रहने वाले चचेरे भाई से बात करने की अनुमति मांगी थी। इसके लिए उन्होंने कुछ मिनटों के लिए अपना फोन इस्तेमाल करने की मांग की थी, ताकि वे अपने कजिन का नंबर निकाल सकें।
दिपके ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें फोन इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि वकील से बात करने का अनुरोध भी ठुकरा दिया गया।
‘दादी के निधन के बाद परिवार को और कितना दुख देना चाहते थे?’
दिपके ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि सुबह करीब 3:30 बजे दिल्ली पुलिस ने उनसे अपने पिता को फोन कर यह बताने के लिए कहा कि अगले दिन उन्हें लंबे समय के लिए जेल जाना पड़ सकता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि हाल ही में अपनी मां को खो चुके पिता को इतनी सुबह फोन करने के लिए कहने का क्या उद्देश्य था। दिपके ने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाई से उनके परिवार को मानसिक परेशानी हो सकती थी।
‘हमने विरोध नहीं करने का कोई बॉन्ड नहीं भरा’
अभिजीत दिपके ने एक अन्य पोस्ट में स्पष्ट किया कि CJP आगे भी विरोध-प्रदर्शन जारी रखेगी। उन्होंने कहा, “हमने ऐसा कोई बॉन्ड साइन नहीं किया है, जिसमें लिखा हो कि हम विरोध नहीं करेंगे। हम फिर से सड़कों पर उतरेंगे।”
दिल्ली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या कहा?
दिल्ली पुलिस की पीआरओ और डीसीपी नेहा यादव ने बताया कि CJP को विरोध-प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी, इसके बावजूद पार्टी के सदस्य निर्धारित स्थान पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस ने यह भी आरोप लगाया कि CJP प्रमुख अभिजीत दिपके ने कानून का पालन नहीं किया। डीसीपी के अनुसार, दिपके को उनकी दादी के निधन की जानकारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने परिवार से बात करने से इनकार कर दिया।
दिल्ली पुलिस ने अपने पक्ष को स्पष्ट करने के लिए दिपके के साथ हुई बातचीत का एक वीडियो भी जारी किया है। वहीं, दिपके ने पुलिस के दावों पर सवाल उठाते हुए अपनी बात रखी है।



