Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

21 दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव का भव्य समापन, राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हुए शामिल

रायपुर। अग्रवाल सभा रायपुर द्वारा आयोजित 21 दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव का समापन रविवार को भव्य एवं गरिमामय समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर सुबह जवाहर नगर स्थित अग्रसेन भवन में पूजा-अर्चना के बाद महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें 18 मोहल्लों की आकर्षक झांकियां शामिल हुईं। सुसज्जित ऊंट-घोड़ों के साथ निकली महाराजा अग्रसेन की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। शाम को आयोजित समापन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए।

समारोह में आयोजित कवि सम्मेलन में कवि शशिकांत यादव, सुदीप भोला, पार्थ नवीन, रुचि चतुर्वेदी और दिनेश देसी घी ने हास्य, व्यंग्य और समसामयिक विषयों पर अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मनोरंजन किया।

18 मोहल्लों की झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा

शोभायात्रा अग्रसेन भवन से शुरू होकर एमजी रोड, रामसागरपारा, राठौर चौक, तेलघानी नाका, भैंसथान और अग्रसेन चौक होते हुए समता कॉलोनी स्थित गोदावरी सेवा सदन पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते में अग्रवाल समाज और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

18 मोहल्लों की झांकियों के माध्यम से समाज की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।

WhatsApp Image 2026 10 11 at 9.28.18 PM 1536x1152 1

समाजसेवा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना प्राथमिकता: विजय अग्रवाल

अग्रवाल सभा रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने कहा कि 21 दिवसीय महोत्सव में 18 मोहल्लों की सहभागिता सराहनीय रही। उन्होंने आयोजन से जुड़ी सभी समितियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

उन्होंने बताया कि अग्रवाल सभा शिक्षा, रक्तदान, जरूरतमंदों की सहायता और विधवा, विधुर तथा तलाकशुदा व्यक्तियों के पुनर्विवाह जैसे सामाजिक कार्यों के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उनके अनुसार, रक्तदान के माध्यम से देशभर में लगभग 300 यूनिट रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग किया गया है। आगामी 26 दिसंबर को पुनर्विवाह कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।

विजय अग्रवाल ने बताया कि समाज के लिए 8,000 वर्गफीट के हॉल का निर्माण शुरू हो चुका है। इसके पूरा होने के बाद उपलब्ध हॉल का कुल क्षेत्रफल लगभग 16,000 वर्गफीट हो जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से नवा रायपुर में सामाजिक गतिविधियों के विस्तार के लिए 10 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया था।

महाराजा अग्रसेन के आदर्श सेवा और सहयोग की प्रेरणा: अतिथि

राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को सेवा, सहयोग, सामाजिक समरसता और सामूहिक विकास की प्रेरणा बताया। उन्होंने सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और नई पीढ़ी को महान व्यक्तित्वों के आदर्शों से जोड़ने में ऐसे आयोजनों के महत्व पर जोर दिया।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी महाराजा अग्रसेन की विचारधारा को जनकल्याण, सेवा और सामाजिक सहयोग की प्रेरणा बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

दिल्ली के एडीआर ग्रुप के सुनील अग्रवाल ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता, उद्यमशीलता और सेवा भावना में निहित है।

कवि सम्मेलन ने बांधा समां

महोत्सव के समापन समारोह में आयोजित कवि सम्मेलन में शशिकांत यादव, सुदीप भोला, पार्थ नवीन, रुचि चतुर्वेदी और दिनेश देसी घी ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। हास्य, व्यंग्य और समसामयिक विषयों पर आधारित कविताओं ने कार्यक्रम को यादगार बनाया।

अग्रवाल सभा रायपुर के महामंत्री मनमोहन अग्रवाल ने बताया कि कवियों की शानदार प्रस्तुतियों ने महोत्सव के समापन को विशेष बना दिया। उन्होंने कार्यक्रम का मंच संचालन भी किया।

समाजजनों और सहयोगियों के प्रति जताया आभार

मीडिया प्रभारी योगेश अग्रवाल तथा सह मीडिया प्रभारी दीपक गुप्ता और उदित अग्रवाल ने कहा कि 21 दिवसीय महोत्सव में समाजजनों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को सफल बनाया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का माध्यम हैं।

कार्यक्रम में अग्रवाल सभा अध्यक्ष विजय अग्रवाल, अग्रवाल युवा मंडल अध्यक्ष सी.एस. सौरभ अग्रवाल, महामंत्री मनमोहन अग्रवाल, मीडिया प्रभारी योगेश अग्रवाल, शोभायात्रा प्रभारी शैलेश अग्रवाल, सह मीडिया प्रभारी दीपक गुप्ता और उदित अग्रवाल सहित प्रेमचंद अग्रवाल, किसान अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, जे.पी. अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, संजय चौधरी, संजय अग्रवाल, राजेश हैलीवाल, राम अग्रवाल, योगी अग्रवाल, सतपाल जैन सहित अनेक पदाधिकारी, सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अग्रवाल सभा रायपुर ने सभी अतिथियों, समाजजनों, मोहल्ला समितियों, सहयोगियों, प्रायोजकों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सभा ने कहा कि महोत्सव के माध्यम से महाराजा अग्रसेन के आदर्शों, सामाजिक सद्भाव, सेवा, सहयोग और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button