Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

CM हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही, कबीरधाम के तहसीलदार निलंबित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सीएम हेल्पलाइन 1076 के जरिए प्राप्त शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान कबीरधाम जिले की पिपरिया तहसील के तहसीलदार प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। उन पर शिकायतों के निराकरण में गंभीर लापरवाही और स्वेच्छाचारिता बरतने का मामला सामने आया है।

सिविल सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन का मामला

समीक्षा बैठक में सामने आया कि तहसीलदार प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी ने सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों के निराकरण में गंभीर लापरवाही बरती। शासन ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 का उल्लंघन माना है।

इसके बाद राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत उनके निलंबन का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला कबीरधाम निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री कर रहे विभागवार समीक्षा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सीएम हेल्पलाइन 1076 के तहत प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा कर रहे हैं। बैठक में शिकायतों के प्रकार, उनके निराकरण की स्थिति और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली का आकलन किया जा रहा है।

समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, सभी विभागीय सचिवों और प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया।

इस कार्रवाई को शिकायतों के समयबद्ध निराकरण में जवाबदेही तय करने और प्रशासनिक लापरवाही पर सख्ती बरतने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button