CGPSC मुख्य परीक्षा 2025: अभ्यर्थियों ने पूर्व CM भूपेश बघेल से की मुलाकात, पुनर्मूल्यांकन और RTI से कॉपी देने की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की मुख्य परीक्षा 2025 एक बार फिर चर्चा में है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की। अभ्यर्थियों ने उत्तरपुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन और साक्षात्कार से पहले सूचना के अधिकार (RTI) के माध्यम से अपनी उत्तरपुस्तिकाओं की कॉपी उपलब्ध कराने की मांग रखी।
भिलाई स्थित निवास पर पहुंचे अभ्यर्थी
CGPSC मुख्य परीक्षा 2025 के अभ्यर्थियों ने आज भिलाई स्थित निवास पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन की मांग उठाई। साथ ही अभ्यर्थियों ने कहा कि साक्षात्कार से पहले उन्हें RTI के माध्यम से अपनी उत्तरपुस्तिकाओं की कॉपी उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अपने प्रदर्शन को समझ सकें।
भूपेश बघेल ने दिया समर्थन
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट साझा कर अभ्यर्थियों से मुलाकात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि आज भिलाई निवास में CGPSC मुख्य परीक्षा 2025 के अभ्यर्थियों से भेंट-मुलाकात हुई।
उन्होंने आगे कहा कि युवा अपनी मेहनत के दम पर भविष्य और न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचे हैं। अभ्यर्थियों ने पुनर्मूल्यांकन और साक्षात्कार से पहले RTI के माध्यम से उत्तरपुस्तिकाओं की कॉपी उपलब्ध कराने की मांग रखी है। बघेल ने लिखा कि वे युवा साथियों के साथ खड़े हैं।
फिलहाल, अभ्यर्थियों की इन मांगों पर CGPSC की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सबकी नजर रहेगी।



