बिलासपुर के पुलिस मैदान में भव्य रावण दहन, 65 फीट के पुतले का किया गया दहन,विधायक अमर अग्रवाल और महापौर पूजा विधानी रहे मौजूद

बिलासपुर। विजयादशमी के अवसर पर बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में भव्य रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर विधायक अमर अग्रवाल ने 65 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। इस दौरान महापौर पूजा विधानी सहित शहर के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में श्रीराम परिवार की भव्य झांकी आकर्षण का केंद्र रही। रावण दहन के बाद करीब एक घंटे तक शानदार आतिशबाजी की गई, जिससे पूरा आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दशहरा उत्सव की रौनक बढ़ाई।
बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
दशहरा उत्सव देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पुलिस मैदान पहुंचे। लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव का माहौल बना रहा।
सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम
कार्यक्रम में लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। बर्जेस स्कूल, जेल रोड और पुलिस लाइन क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। वहीं, पुलिस और यातायात विभाग ने भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए। आयोजन के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।



