छत्तीसगढ़ हॉकी लीग आज से: 6 टीमों के बीच 18 मुकाबले, विजेता को मिलेंगे 11 लाख रुपए
सीएम विष्णुदेव साय करेंगे उद्घाटन, 132 खिलाड़ी दिखाएंगे दम; जस्सी गिल और बब्बल राय की प्रस्तुति से सजेगा समारोह, स्टेडियम में फ्री एंट्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हॉकी (Hockey) को नई पहचान देने और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार, 21 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आगाज होगा।
रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 1 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमों के बीच 18 पुरुष मुकाबले खेले जाएंगे। इसके अलावा महिला हॉकी का एक प्रदर्शनी मैच भी होगा। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है, जबकि घर बैठे मैच देखने वाले खेल प्रेमी जियोहॉटस्टार पर लाइव प्रसारण देख सकेंगे।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में प्रदेश के 108 स्थानीय और 24 अतिथि खिलाड़ियों सहित कुल 132 खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे। प्रत्येक फ्रेंचाइजी टीम में 22 खिलाड़ी होंगे, जिनमें चार अतिथि खिलाड़ी शामिल रहेंगे। प्रतियोगिता में पूर्व ओलंपियन खिलाड़ियों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र होगी। आयोजकों का उद्देश्य प्रदेश की हॉकी प्रतिभाओं को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर देना और राज्य में घरेलू हॉकी के ढांचे को मजबूत करना है।
उद्योगों और संस्थानों से जुड़ी हैं छह फ्रेंचाइजी टीमें
लीग में छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, राजधानी रॉयल्स की श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइगर्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड और बैलाडीला बुल्स की फ्रेंचाइजी एनएमडीसी लिमिटेड के पास है।
टीमों में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों, ओलंपियनों और छत्तीसगढ़ के स्थानीय खिलाड़ियों का मिश्रण रहेगा। इससे प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिलेगा। लीग के एंबेसडर पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। उनके मुताबिक, लीग स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ दूसरे राज्यों के लिए भी उदाहरण बन सकती है।
हर टीम में एक पूर्व ओलंपियन मार्की खिलाड़ी
प्रतियोगिता की खासियत है कि प्रत्येक टीम में एक पूर्व ओलंपियन खिलाड़ी मार्की प्लेयर (Hockey) के रूप में शामिल होगा। इस भूमिका के लिए एसवी सुनील, सुरेंद्र कुमार, ललित कुमार उपाध्याय, चिंगलेनसाना सिंह, शमशेर सिंह और प्रदीप मोर जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। इन खिलाड़ियों के अनुभव से युवा और स्थानीय हॉकी खिलाड़ियों को सीखने का अवसर मिलेगा।
लीग में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए कुल 21 लाख रुपए की पुरस्कार राशि तय की गई है। इसमें विजेता टीम को 11 लाख रुपए और उपविजेता टीम को छह लाख रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए चार लाख रुपए के पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।
हर मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को 10 हजार रुपए
प्रतियोगिता के सभी 18 पुरुष मुकाबलों में प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने वाले खिलाड़ी को 10 हजार रुपए दिए जाएंगे। इस मद में कुल 1 लाख 80 हजार रुपए निर्धारित हैं। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को एक लाख रुपए का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा टॉप स्कोरर, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी खिलाड़ी और अंडर-21 वर्ग के उभरते खिलाड़ी को 30-30 हजार रुपए दिए जाएंगे।
इन पुरस्कारों के जरिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने की कोशिश की गई है। खास तौर पर स्थानीय और युवा खिलाड़ियों के लिए अलग पुरस्कार श्रेणियां रखी गई हैं, ताकि उन्हें अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल सके।
शाम 5:30 और 7:30 बजे होंगे मुकाबले
हॉकी प्रेमियों के लिए प्रतिदिन दो मैचों का कार्यक्रम रखा गया है। पहला मुकाबला शाम 5:30 बजे और दूसरा शाम 7:30 बजे शुरू होगा। दोनों मुकाबलों के बीच मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस तरह दर्शकों को खेल के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने का मौका मिलेगा। स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा और जो दर्शक मैदान तक नहीं पहुंच पाएंगे, वे जियोहॉटस्टार पर मैचों का लाइव प्रसारण देख सकेंगे।
जस्सी गिल और बब्बल राय देंगे प्रस्तुति
लीग का उद्घाटन समारोह खेल के साथ संगीत और संस्कृति के रंगों से भी सजेगा। समारोह में छत्तीसगढ़ की कला और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली प्रस्तुतियां होंगी। देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय की प्रस्तुतियां समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेंगी। इस दौरान हॉकी के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा।
‘बघवा’ होगा लीग का मस्कट
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (Hockey) को प्रदेश की पहचान से जोड़ने के लिए विशेष लोगो, मस्कट और टैगलाइन तैयार की गई है। लीग के लोगो में छत्तीसगढ़ के नक्शे के साथ सफेद रंग में हॉकी खेलते खिलाड़ी की आकृति दिखाई गई है। प्रदेश के प्रतीक बाघ को लीग का मस्कट बनाया गया है, जिसे ‘बघवा’ नाम दिया गया है। वहीं, लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है।
प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का आयोजन हॉकी इंडिया से जुड़े आधिकारिक अधिकारियों की देखरेख में किया जाएगा। 1 नवंबर तक चलने वाली यह लीग प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच देने के साथ हॉकी के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने की दिशा में अहम पहल मानी जा रही है।



