दुर्ग: जेडी स्टील प्लांट हादसे में झुलसे श्रमिक की मौत, डायरेक्टर और ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज

दुर्ग।छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के रसमड़ा स्थित जेडी स्टील प्लांट में हुए हादसे में गंभीर रूप से झुलसे श्रमिक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने प्लांट के डायरेक्टर और ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर को अंजोरा चौकी क्षेत्र स्थित जेडी स्टील प्लांट में इंडक्शन फर्नेस के ट्रायल के दौरान पिघला हुआ धातु बड़ी मात्रा में बाहर निकल आया था। इसकी चपेट में आने से 42 वर्षीय श्रमिक संतोष कुमार श्रीवास्तव गंभीर रूप से झुलस गए थे। उन्हें इलाज के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक बिहार के पूर्वी चंपारण का रहने वाला था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्लांट में काम के दौरान लापरवाही बरतने की बात सामने आई है। इसके बाद प्लांट संचालक और ठेकेदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 289 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना का वीडियो भी सामने आया था।
### दो साल पहले भी श्रमिक की हुई थी मौत
इस मामले में जिला पंचायत सदस्य प्रिया साहू ने आरोप लगाया था कि इसी कंपनी के दूसरे प्लांट में करीब दो साल पहले भी झुलसने से एक श्रमिक की मौत हुई थी। उस समय विरोध के बाद पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया था।



