बांग्लादेश के PM तारिक रहमान पहुंचे राधा गोविंद मंदिर, दुर्गा पूजा के लिए 10 लाख रुपये का दिया दान

रंगपुर। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने मंगलवार को शारदीय दुर्गा पूजा के अवसर पर रंगपुर स्थित ऐतिहासिक राधा गोविंद धर्मसभा मंदिर के पूजा पंडाल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर समिति को 10 लाख टका (बांग्लादेशी मुद्रा) की आर्थिक सहायता दी। प्रधानमंत्री के इस दौरे को धार्मिक सद्भाव और सामाजिक एकता के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री तारिक रहमान 20 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:05 बजे मंदिर परिसर पहुंचे। यहां मंदिर समिति के अध्यक्ष भवतोष सरकार बच्चू, महासचिव खोकोन सरकार और अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मंदिर में पहुंचकर उन्होंने श्रद्धालुओं और हिंदू समुदाय के लोगों से मुलाकात की तथा उन्हें दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं।
मंदिर समिति को सौंपा 10 लाख टका का चेक
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने मंदिर समिति को 10 लाख टका की सहायता राशि का चेक सौंपा। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। प्रधानमंत्री ने लोगों का अभिवादन भी किया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
प्रधानमंत्री बनने के बाद रंगपुर का पहला दौरा
बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव में अपनी पार्टी की जीत के बाद प्रधानमंत्री बनने के पश्चात तारिक रहमान का यह पहला रंगपुर दौरा था। मंदिर में कार्यक्रम के बाद उनका राजशाही और चटगांव में भी दुर्गा पूजा पंडालों का दौरा करने का कार्यक्रम था।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को बांग्लादेश में विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच आपसी सद्भाव और सौहार्द को बढ़ावा देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।



