छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के लिए विशेष TET परीक्षा को मंजूरी, राज्य सरकार ने लिया बड़ा फैसला

रायपुर।छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के लिए विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) आयोजित करने का रास्ता साफ हो गया है। राज्य सरकार ने विशेष TET परीक्षा आयोजित करने को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से उन शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो निर्धारित पात्रता परीक्षा से संबंधित प्रावधानों के दायरे में आते हैं।
विशेष TET परीक्षा को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही थी। राज्य सरकार की मंजूरी के बाद अब परीक्षा आयोजित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। इससे संबंधित शिक्षकों को पात्रता हासिल करने का अवसर मिल सकेगा।
साल में कम से कम दो बार होगी परीक्षा
शासन के निर्देशानुसार विशेष TET परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) के माध्यम से कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) पद्धति से आयोजित की जाएगी। परीक्षा साल में न्यूनतम दो बार कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शिक्षकों को परीक्षा उत्तीर्ण करने के पर्याप्त अवसर मिल सकें।
किन शिक्षकों के लिए जरूरी होगी TET?
स्कूल शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुपालन में कक्षा पहली से आठवीं तक पढ़ाने वाले ऐसे सेवारत शिक्षकों, जिनकी सेवा में पांच वर्ष या उससे अधिक समय शेष है, के लिए निर्धारित स्तर की TET उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा। यह सेवा में बने रहने और पदोन्नति से संबंधित पात्रता की शर्त है।
उत्तीर्ण शिक्षकों को मिलेगा प्रमाणपत्र
विशेष TET में सफल होने वाले शिक्षकों को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), रायपुर की ओर से प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। परीक्षा की तिथियों और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी विभाग की ओर से जारी की जाएगी।



