डोंगरगढ़ में LPG गैस चोरी का मामला: सिलेंडरों से गैस की हेराफेरी करते चार लोग फरार, SDM और खाद्य विभाग ने की कार्रवाई

डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में रसोई गैस सिलेंडरों से गैस चोरी और हेराफेरी का मामला सामने आया है। शहर के बाहर एक सुनसान मैदान में सिलेंडरों से लदी मालवाहक गाड़ी के पास संदिग्ध गतिविधियां देखे जाने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। मौके पर पहुंचे एसडीएम और खाद्य निरीक्षक को देखकर वहां मौजूद चार लोग फरार हो गए।
कम गैस मिलने की शिकायतों के बीच कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, यह मामला इंडेन कंपनी की प्रॉमिनेंट फ्यूल सेंटर गैस एजेंसी से जुड़ा है। शहर के बाहर आदर्श नगर और भूरवा टोला के बीच सुनसान मैदान में सिलेंडरों से लदी गाड़ी के आसपास कुछ लोग मौजूद थे। स्थानीय लोगों को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्होंने प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलने पर एसडीएम और खाद्य निरीक्षक मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जांच के बाद मालवाहक गाड़ी को गैस एजेंसी पहुंचाया और पंचनामा तैयार किया। इस दौरान मौके पर मौजूद चार लोग फरार हो गए।
उपभोक्ताओं ने की थी कम गैस मिलने की शिकायत
बताया जा रहा है कि उपभोक्ता लंबे समय से गैस सिलेंडरों में निर्धारित मात्रा से कम गैस मिलने की शिकायत कर रहे थे। इस घटना के बाद गैस वितरण व्यवस्था और सिलेंडरों की निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। संदेह के घेरे में आए लोग गैस एजेंसी में सिलेंडर वितरण का काम करते थे और उन्हें करीब तीन महीने पहले काम पर रखा गया था।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल सिलेंडरों में गैस की वास्तविक मात्रा में कमी की आधिकारिक पुष्टि और संबंधित लोगों की भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। गैस एजेंसी के संचालक विवेक वासनिक ने संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है। मामले में जांच जारी है।



