बस्तर ओलंपिक 2026: सुकमा में खेलों को लेकर जबरदस्त उत्साह, 36,224 खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन

सुकमा। छत्तीसगढ़ शासन के बहुप्रतीक्षित बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन जल्द होने जा रहा है। “हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान” थीम पर आयोजित इस खेल महोत्सव में बस्तर संभाग की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता और हुनर दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा। सुकमा जिले में प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह है। अब तक जिले के 36,224 खिलाड़ी अपना पंजीयन करा चुके हैं।
सुकमा विकासखंड पंजीयन में सबसे आगे
जिले में विकासखंडवार पंजीयन के आंकड़ों के अनुसार, सुकमा विकासखंड 14,489 पंजीयन के साथ पहले स्थान पर है। वहीं, छिंदगढ़ विकासखंड में 11,545 और कोंटा विकासखंड में 10,190 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। खिलाड़ियों की यह भागीदारी बस्तर ओलंपिक के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाती है।
11 खेल विधाओं में दिखेगा खिलाड़ियों का दम
बस्तर ओलंपिक में कुल 11 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, वॉलीबॉल और खो-खो सहित अन्य खेल शामिल हैं। प्रतियोगिता में 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के जूनियर खिलाड़ियों के साथ वरिष्ठ महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
तीन चरणों में होंगी प्रतियोगिताएं
बस्तर ओलंपिक का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। पहला चरण 1 से 13 नवंबर तक विकासखंड स्तर पर, दूसरा चरण 16 से 25 नवंबर तक जिला स्तर पर और अंतिम चरण 7 से 11 दिसंबर तक संभाग स्तर पर आयोजित होगा।
मोबाइल लिंक और QR कोड से पंजीयन की सुविधा
जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों की सुविधा के लिए मोबाइल लिंक और क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीयन की व्यवस्था की है। पंजीयन के लिए आधार कार्ड नंबर अनिवार्य रखा गया है। पंजीयन की प्रक्रिया 1 से 30 अक्टूबर तक निर्धारित की गई है।
बस्तर ओलंपिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं की प्रतिभा को पहचान दिलाने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने की पहल है। इस आयोजन के जरिए खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने और बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का मौका मिलेगा।



