खड़गे के कथित बयान पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, रायपुर में भाजयुमो ने फूंका पुतला

रायपुर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर दिए गए कथित अपमानजनक बयान पर छत्तीसगढ़ में भी राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने रायपुर के आजाद चौक में प्रदर्शन कर खड़गे का पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
पटना के कार्यक्रम से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, यह विवाद पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। खबर के मुताबिक, कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने मंच पर खड़े मल्लिकार्जुन खड़गे को टोकते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहीं नहीं जाएंगे। इसके जवाब में खड़गे ने कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।
भाजपा ने सोशल मीडिया पर जताया विरोध
इस मामले में छत्तीसगढ़ भाजपा ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी को जितनी ज्यादा गालियां दी जाएंगी, कमल का फूल उतना ही बड़ा होकर खिलेगा।
वहीं, भाजपा सांसद संतोष पांडे ने भी बयान पर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना गलत है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “कुएं में भांग है, सब कांग्रेसी नशे में हैं।”



