तीसरे T20 से पहले टीम इंडिया की बढ़ी मुश्किलें, वेलिंगटन में 120 किमी/घंटे की रफ्तार से चली हवाएं; बारिश का भी खतरा

वेलिंगटन। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा टी20 मुकाबला मंगलवार, 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा। मैच से पहले भारतीय टीम को प्रैक्टिस सेशन के दौरान तेज हवाओं का सामना करना पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक, हवा की रफ्तार 60 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास करने में काफी परेशानी हुई।
तेज हवाओं ने बढ़ाई खिलाड़ियों की मुश्किलें
न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती दो टी20 मुकाबले जीतकर भारतीय टीम सीरीज में बढ़त बनाए हुए है। हालांकि, वेलिंगटन में तीसरे मुकाबले से पहले मौसम टीम इंडिया के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।
सोमवार को अभ्यास के दौरान तेज हवाओं के कारण खिलाड़ियों को सीधे खड़े रहने में भी परेशानी हुई। उनकी टोपियां उड़ गईं और अभ्यास के उपकरण भी गिरने लगे।
गेंदबाजों और बल्लेबाजों के लिए चुनौती
RevSportz की रिपोर्ट के मुताबिक, वेलिंगटन की तेज हवाएं भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रभावित कर सकती हैं। तेज गेंदबाजों को रनअप में परेशानी हो सकती है, जबकि बल्लेबाजों को हवा के कारण गेंद की स्विंग का सामना करना पड़ सकता है।
न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल ने भी वेलिंगटन की परिस्थितियों को चुनौतीपूर्ण बताया। उनके मुताबिक, यहां तेज हवाओं के बीच संतुलन बनाए रखना अहम होता है। मैदान खुला होने के कारण हवा मैच में बड़ी भूमिका निभा सकती है।
तीसरे T20 पर बारिश का खतरा
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, सोमवार रात और मंगलवार सुबह तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और वाहन चलाने में परेशानी जैसी स्थितियां बन सकती हैं।
हालांकि, मंगलवार शाम तक हवा की रफ्तार कम होने की संभावना जताई गई है। इसके बावजूद वेलिंगटन में बारिश की आशंका बनी हुई है, जिससे भारत-न्यूजीलैंड के तीसरे टी20 मुकाबले पर असर पड़ सकता है।
अब सबकी नजरें मौसम पर टिकी हैं। बारिश और तेज हवाओं के बीच यह देखना होगा कि मुकाबला समय पर शुरू हो पाता है या नहीं और अगर मैच होता है, तो क्या पूरे 20 ओवर का खेल संभव होगा।



