शाहीन अफरीदी का बड़ा कारनामा, वनडे में 150 विकेट लेने वाले सबसे तेज पाकिस्तानी तेज गेंदबाज बने

लाहौर। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने इंग्लैंड के खिलाफ गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए वनडे मुकाबले में बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने इंग्लैंड के ओपनर टॉम बैंटन को आउट करते ही अपने वनडे करियर के 150 विकेट पूरे कर लिए।
शाहीन अफरीदी ने अपने 80वें वनडे मैच की 79वीं पारी में यह मुकाम हासिल किया। इसके साथ ही वह वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज बन गए। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले वह ओवरऑल दूसरे पाकिस्तानी गेंदबाज हैं।
वकार यूनुस और शोएब अख्तर का रिकॉर्ड तोड़ा
शाहीन अफरीदी ने इस उपलब्धि के लिए पाकिस्तान के दिग्गज तेज गेंदबाजों वकार यूनुस और शोएब अख्तर को पीछे छोड़ दिया। दोनों ने अपने वनडे करियर में 91-91 मैचों में 150 विकेट पूरे किए थे। शाहीन ने उनसे 11 मैच पहले यह मुकाम हासिल कर लिया।
सकलेन मुश्ताक के नाम है पाकिस्तानी रिकॉर्ड
पाकिस्तान की ओर से वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 150 विकेट लेने का रिकॉर्ड अब भी सकलेन मुश्ताक के नाम है। उन्होंने केवल 78 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की थी। शाहीन अफरीदी इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं और उन्होंने पाकिस्तान के कई दिग्गज गेंदबाजों को पीछे छोड़ दिया है।



