छत्तीसगढ़ में स्मृति ईरानी का दो दिवसीय दौरा, प्रदेश भाजपा के नेताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ करेंगी बैठक

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंची हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनके दौरे को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। अपने प्रवास के दौरान वह पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात करेंगी। इसके लिए अलग-अलग स्तर पर बैठकों का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड को सुना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अभनपुर में सभी ने मिलकर कार्यक्रम के 139वें एपिसोड को सुना।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के लोगों के नवाचारों और उनके प्रेरणादायक प्रयासों को सामने रखते हैं। इस कार्यक्रम के जरिए देशभर में हो रहे सकारात्मक कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचती है।
पहले दिन प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठकों का दौर
भाजपा की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, अभनपुर में ‘मन की बात’ सुनने के बाद स्मृति ईरानी प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के साथ रायपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचेंगी।
यहां सबसे पहले प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्रियों के साथ बैठक होगी। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों, जिला प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों और जिलाध्यक्षों के साथ चर्चा की जाएगी।
इसके बाद पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों के साथ बैठक निर्धारित है। चाय के बाद पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों और पार्टी की कोर कमेटी के सदस्यों के साथ भी बैठक होगी।
26 अक्टूबर को विधायकों-सांसदों और मंत्रियों से करेंगी चर्चा
स्मृति ईरानी के प्रवास के दूसरे दिन, 26 अक्टूबर को विधायकों और सांसदों के साथ बैठक का कार्यक्रम है। इसके बाद वह प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों से चर्चा करेंगी।
दौरे के अंतिम चरण में निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ बैठक होगी। इसके बाद विचार परिवार के साथ मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
स्मृति ईरानी का यह दौरा प्रदेश भाजपा के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



