Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

स्मृति ईरानी ने अभनपुर में सुनी ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी, सीएम साय और बृजमोहन अग्रवाल रहे मौजूद

रायपुर। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन उन्होंने अभनपुर के एक निजी भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी सुनी। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू सहित पार्टी के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया पर साझा की जानकारी

स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि रायपुर ग्रामीण जिले के अंतर्गत अभनपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना।

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि कार्यक्रम की इस कड़ी में प्रधानमंत्री ने हैंडलूम के क्षेत्र में नई पहचान बना रही नारीशक्ति, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जनभागीदारी से हो रहे सकारात्मक बदलावों की प्रेरक कहानियों को रेखांकित किया।

बिहार के मखाने का ग्रीस तक पहुंचना ‘वोकल फॉर लोकल’ की सफलता

स्मृति ईरानी ने बिहार के मखाने के ग्रीस तक पहुंचने का उदाहरण देते हुए इसे ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान की सफलता का बड़ा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से देशभर में हो रहे नवाचारों और प्रेरणादायक प्रयासों को सामने लाया जाता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देशवासियों को ‘मन की बात’ के 12 वर्ष पूरे होने पर बधाई भी दी।

जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण का माध्यम है ‘मन की बात’

स्मृति ईरानी ने कहा कि ‘मन की बात’ की यात्रा देश के कोने-कोने से प्रेरक कहानियों को सामने लाने का माध्यम बनी है। इसके जरिए जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूती मिलती है।

स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान पार्टी के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें भी निर्धारित हैं। उनके इस दो दिवसीय प्रवास को प्रदेश भाजपा संगठन के साथ संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button