छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026: 2 नवंबर को सभी जिलों में होंगे कार्यक्रम, जानिए किस जिले में कौन होगा मुख्य अतिथि

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने जिला स्तरीय कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। इस संबंध में 27 अक्टूबर को आदेश जारी किया गया।
कार्यक्रमों में राज्य शासन के मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सुसंस्कृत नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है।
इन जिलों में मंत्री और उप मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि
जारी आदेश के अनुसार, जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे।
इसके अलावा सरगुजा में रामविचार नेताम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में दयालदास बघेल, कांकेर में केदार कश्यप, कोरबा में लखन लाल देवांगन, जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल, रायगढ़ में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, गरियाबंद में टंकराम वर्मा और राजनांदगांव में गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि होंगे।
बीजापुर में गुरु खुशवंत साहेब भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सांसदों को भी मिली जिम्मेदारी
राज्योत्सव के जिला स्तरीय कार्यक्रमों के लिए कई सांसदों को मुख्य अतिथि बनाया गया है। इनमें बलौदाबाजार-भाटापारा में बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में विजय बघेल, कबीरधाम में संतोष पाण्डेय, बलरामपुर-रामानुजगंज में चिंतामणि महाराज, महासमुंद में रूपकुमारी चौधरी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में राधेश्याम राठिया और सक्ती में कमलेश जांगड़े शामिल हैं।
इसी तरह दंतेवाड़ा में महेश कश्यप, बालोद में भोजराज नाग, सुकमा में देवेन्द्र प्रताप सिंह, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में लक्ष्मी वर्मा तथा कोरिया में विधायक भैयालाल राजवाड़े मुख्य अतिथि होंगे।
इन जिलों में विधायक करेंगे शिरकत
मुंगेली में विधायक पुन्नूलाल मोहले, धमतरी में अजय चन्द्राकर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में रेणुका सिंह, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में अमर अग्रवाल, कोण्डागांव में लता उसेंडी, नारायणपुर में विक्रम उसेंडी और बस्तर में विधायक किरण देव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
विकास योजनाओं की प्रदर्शनी बनेगी आकर्षण
राज्योत्सव के दौरान सभी जिला मुख्यालयों में विभिन्न विकास विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इनमें सरकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और सफल परियोजनाओं की जानकारी दी जाएगी। स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। साथ ही शासन की कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।
कार्यक्रमों में शालीनता और गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
1 से 3 नवंबर तक रोशन होंगे सरकारी भवन
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक सभी जिला मुख्यालयों में स्थित शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसकी व्यवस्था संबंधित विभाग अपने बजट से करेंगे।
राज्य शासन ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि मुख्य अतिथियों से परामर्श कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करें और आयोजन की तैयारियां समय पर पूरी करें। जिला स्तरीय कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।



