चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को लेकर रायपुर प्रशासन अलर्ट, राहत-बचाव दल तैयार; हेल्पलाइन नंबर जारी

रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए रायपुर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर संभावित भारी बारिश, तेज हवाओं और खराब मौसम से निपटने के लिए एहतियाती तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सतर्कता
जिला प्रशासन द्वारा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। ग्रामीण इलाकों में मुनादी के जरिए लोगों को तूफान के संभावित प्रभावों की जानकारी दी जा रही है। नागरिकों को तेज हवाओं, भारी बारिश, आकाशीय बिजली और जलभराव के दौरान सावधानी बरतने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जा रही है।
सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश
संभावित आपदा से निपटने के लिए राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत और विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन और अन्य राहत-बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने नदी-नालों, तालाबों, निचले इलाकों और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही जर्जर भवनों, पेड़ों और बिजली लाइनों से जुड़े संभावित खतरों को देखते हुए एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है।
मौसम की चेतावनियों पर लगातार नजर
जिला प्रशासन मौसम विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान और चेतावनियों की नियमित समीक्षा कर रहा है। नियंत्रण कक्षों को सक्रिय रखते हुए मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और संबंधित विभागों के बीच त्वरित सूचना का आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अफवाहों से बचने की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही, अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त जानकारी पर भरोसा करने की अपील की गई है।
सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन की सहायता और आवश्यक जानकारी के लिए नियंत्रण कक्ष का नंबर 0771-2413233 जारी किया है। नागरिक जरूरत पड़ने पर इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किए जा सकें।



