सलमान खान का बड़ा ऐलान, 75 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को सिर्फ 11 रुपये में मिलेगी ‘मातृभूमि’ की टिकट

मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की आगामी फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर दर्शकों में उत्साह है। 6 नवंबर को फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान सलमान खान ने एक खास ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 75 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को फिल्म की टिकट सिर्फ 11 रुपये में मिलेगी।
बुजुर्गों के लिए सलमान खान की खास पहल
ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान सलमान खान से ‘रामायण’ और ‘रामराज्य’ के माहौल को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने भगवान राम के आदर्शों का जिक्र करते हुए कहा कि वे दुनिया के सबसे अच्छे पति, बेटे, पिता, योद्धा और भाई थे।
इसी दौरान सलमान ने बताया कि उनकी फिल्म में भी उनके किरदार में ऐसी ही खूबियां हैं। इसके साथ ही उन्होंने 75 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए महज 11 रुपये में टिकट देने की घोषणा की।
‘बैटल ऑफ गलवान’ से बदलकर हुआ ‘मातृभूमि’ नाम
सलमान खान की इस फिल्म का नाम शुरुआत में ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था, लेकिन बाद में इसे बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया गया। फिल्म में सलमान खान कर्नल बी. संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं।
ये कलाकार भी आएंगे नजर
फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह फीमेल लीड के तौर पर नजर आएंगी। वहीं मुकेश ऋषि और अंकुर भाटिया भी अहम भूमिकाओं में हैं। इस वॉर ड्रामा फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। फिल्म की रिलीज डेट 4 दिसंबर बताई गई है।
सलमान खान के 11 रुपये वाली टिकट के ऐलान को बुजुर्ग दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने की खास पहल के तौर पर देखा जा रहा है।



