भारत पर्व में छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति की झलक, PM मोदी ने बस्तर के शिल्पकारों से की मुलाकात

रायपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित भारत पर्व में छत्तीसगढ़ की समृद्ध शिल्पकला, संस्कृति और पर्यटन की झलक देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत पर्व का शुभारंभ करने के बाद छत्तीसगढ़ के स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने नारायणपुर और बस्तर के शिल्पकारों से आत्मीय बातचीत की और उनकी कला एवं हुनर की सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने स्टॉल पर बांस शिल्प और अन्य पारंपरिक लोकशिल्प का निर्माण कर रहे कलाकारों से शिल्प बनाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर कलाकारों ने बस्तरिया रेला की प्रस्तुति देकर उनका स्वागत किया।
15 दिनों तक चलेगा भारत पर्व
पर्यटन मंडल की डॉ. सुभदा चतुर्वेदी ने बताया कि 15 दिनों तक चलने वाले भारत पर्व में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की ओर से विशेष स्टॉल लगाया गया है। इसमें प्रदेश की पारंपरिक हस्तशिल्प कला और प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया गया है।
स्टॉल में डोकरा शिल्प, लौह शिल्प, कोसा साड़ियां और बांस शिल्प आकर्षण का केंद्र हैं। इनके माध्यम से छत्तीसगढ़ के पारंपरिक हुनर और स्थानीय कलाकारों की रचनात्मकता को लोगों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।
चित्रकोट और चंपारण सहित पर्यटन स्थलों की जानकारी
छत्तीसगढ़ के स्टॉल में चंपारण, चित्रकोट सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों और पर्यटन रिसॉर्ट की जानकारी भी दी गई है। इसके जरिए देशभर से आने वाले आगंतुकों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और पर्यटन की संभावनाओं से परिचित कराया जा रहा है।
भारत पर्व के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोककला, परंपरा और पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।



